बोलता सच : उत्तर प्रदेश में अक्तूबर का आखिरी हफ्ता मौसम के उतार-चढ़ाव और चक्रवात मोंथा के असर में बीतेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर से आ रही नमी और बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम के कारण बादलों की सक्रियता बढ़ी है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश हुई। बुंदेलखंड के झांसी व ललितपुर में बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि बांदा में 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम को देखते हुए किसानों ने धान की कटाई तेज कर दी है ताकि बारिश से फसल को नुकसान न पहुंचे।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना गहन अवदाब गंभीर चक्रवाती तूफान मोंथा में तब्दील हो रहा है। यह 28 अक्तूबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा तट के आसपास पहुंचेगा। उत्तर प्रदेश और बिहार में इसका असर 29 से 31 अक्तूबर के बीच देखने को मिलेगा। इस दौरान पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 30 अक्तूबर को वाराणसी और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
हिमाचल में भी बदलेगा मौसम
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। ताबो और केलांग में तापमान माइनस में चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 28 अक्तूबर को कुछ इलाकों में वर्षा-बर्फबारी हो सकती है, हालांकि 31 अक्तूबर तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
इस खबर को भी पढ़ें : अलीगढ़-बुलंदशहर से अलग बन सकता है नया जिला ‘कल्याण सिंह नगर’, शासन स्तर पर शुरू हुई तैयारी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































