Breaking News

बजट सत्र में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर घमासान, विपक्ष के हंगामे पर स्पीकर ओम बिरला सख्त

Bolta Sach News
|
India-US trade in the budget session
बोलता सच,नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दौरान पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। एक ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी चीन सीमा विवाद को लेकर सरकार को घेर रहे हैं, तो दूसरी ओर भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर भी विपक्ष सरकार पर हमलावर है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर एक दिन पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार का पक्ष रखा था। आज इसी मुद्दे पर वे लोकसभा में बयान देने के लिए खड़े हुए, लेकिन उनके भाषण के दौरान विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

लोकसभा में हंगामा, राहुल गांधी को बोलने देने की मांग

पीयूष गोयल के संबोधन के दौरान विपक्षी सांसदों ने टेबल पीटकर विरोध जताया, नारेबाजी की और राहुल गांधी को बोलने देने की मांग करते हुए वेल में आ गए। कई सांसद हाथों में पोस्टर लेकर सदन के भीतर पहुंच गए। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सख्त रुख अपनाते हुए विपक्ष को मर्यादा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा, “आप वरिष्ठ नेता हैं, क्या यह आपको अच्छा लग रहा है? आप सदन की मर्यादा तोड़ रहे हैं। शासन को हंगामे से नहीं झुकाया जा सकता।”

‘विरोध का भी एक तरीका होता है’ – ओम बिरला

लगातार नारेबाजी के बीच स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन उसका भी एक तरीका होता है। उन्होंने कहा, “विरोध तर्कों से होता है, असहमति मुद्दों पर होती है। नारेबाजी, पोस्टर दिखाना और अपनी सीट छोड़कर वेल में आना उचित नहीं है।”

ओम बिरला ने आगे कहा कि यदि इस तरह सदन की गरिमा का उल्लंघन होता रहा, तो देश की जनता का लोकतंत्र से विश्वास उठ जाएगा। उन्होंने विपक्षी सांसदों से अपील की कि वे नियमों और मर्यादाओं का पालन करें तथा शब्दों और तर्कपूर्ण दलीलों के माध्यम से अपनी बात रखें। बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे इस टकराव से साफ है कि आने वाले दिनों में संसद के भीतर राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply