बोलता सच ,नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। टीम ने आईएसआईएस (ISIS) के एक सक्रिय मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी दिल्ली का निवासी है, जबकि दूसरा मध्य प्रदेश का रहने वाला है। दोनों राजधानी के भीड़भाड़ वाले इलाकों में फिदायीन हमला करने की योजना बना रहे थे।
स्पेशल सेल के अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों ने दिल्ली के हाई-फुटफॉल इलाकों की रेकी भी की थी। उनके पास से ISIS का झंडा, कई आपत्तिजनक वीडियो, लैपटॉप, डेटा से भरी पेन ड्राइव्स और IED बनाने से जुड़ी घड़ियां बरामद हुई हैं। ये सभी सामग्री उनके आतंकवादी इरादों को स्पष्ट करती है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का नाम अदनान है। इनमें से एक अदनान दिल्ली के सादिक नगर का निवासी है, जबकि दूसरा अदनान मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंसी) की पढ़ाई कर रहा था। यह दूसरा अदनान जून 2024 में उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी एक विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जिसे वे अपना “सुपरवाइजर” कहते थे। यह हैंडलर सीरिया-तुर्की सीमा के पास रह रहा है। आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए प्रोपेगेंडा सामग्री फैलाने में भी सक्रिय थे, और इस अकाउंट को कई लोग मिलकर चला रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि स्पेशल सेल पिछले कई महीनों से इस मॉड्यूल पर नजर रखे हुए थी। दोनों आतंकियों की गिरफ्तारी से राजधानी में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम कर दी गई।
इस खबर को भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में फिर बदल रहा मौसम: 29 अक्टूबर से पूर्वी-दक्षिणी जिलों में बारिश के आसार, रात का तापमान गिरेगा 4 डिग्री तक
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































