Breaking News

जे. जयललिता की 78वीं जयंती पर पीएम नरेन्द्र मोदी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

Bolta Sach News
|
J. Jayalalitha's 78th birth anniversary
बोलता सच,नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एआईएडीएमके की दिग्गज नेता और तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की 78वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जयललिता ने एक प्रभावशाली नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में असंख्य लोगों के दिलों में अपनी विशेष जगह बनाई।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि जयललिता जी का जीवन अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण था। वह करुणामयी होने के साथ-साथ निर्णय लेने में भी बेहद सक्षम थीं। उन्होंने कहा कि उनके साथ हुई मुलाकातों और बातचीत की स्मृतियाँ आज भी उन्हें प्रेरित करती हैं।

मोदी ने कहा कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में जयललिता ने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में राज्य में कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया, जिसका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिला।

प्रधानमंत्री ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी जयललिता को याद करते हुए कहा कि महिलाओं के कल्याण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उनके प्रयास सराहनीय थे। उन्होंने कहा कि ‘अम्मा’ के नाम से लोकप्रिय जयललिता का नाम सुनते ही तमिलनाडु के लोगों के चेहरे पर आज भी एक विशेष चमक दिखाई देती है।

उन्होंने आगे कहा कि जयललिता एक जनप्रिय नेता थीं, जिन्होंने माताओं, बहनों और बेटियों के उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए। सुशासन पर उनकी स्पष्ट और सुव्यवस्थित सोच उनकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक थी।

प्रधानमंत्री ने अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए बताया कि 2002 और 2012 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके शपथ ग्रहण समारोह में जयललिता ने भाग लिया था। साथ ही, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि एक बार पोंगल के अवसर पर जयललिता ने उन्हें चेन्नई में दोपहर भोज के लिए आमंत्रित किया था।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply