बोलता सच,गोंडा : नंदिनी निकेतन में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रकथा कार्यक्रम के तीसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कई मुद्दों पर बेबाक बयान दिए। उन्होंने बांग्लादेश के एक खिलाड़ी को शाहरुख खान द्वारा खरीदे जाने को लेकर अभिनेता की सोच पर सवाल उठाए और कहा कि शाहरुख खान की देश के प्रति सोच बेहतर नहीं है।
जगदंबिका पाल ने कहा कि बांग्लादेश में जिस तरह के हालात बने हुए हैं, उससे आज पूरी दुनिया उसके खिलाफ है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने बांग्लादेश के हाई कमिश्नर को तलब किया है और विदेश मंत्री को स्वयं वहां जाकर सरकार को यह कहना पड़ा कि अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह भारत का दबाव है और भारत को कोई नजरअंदाज नहीं कर सकता।
अखिलेश यादव द्वारा लिट्टी-चोखा भोज आयोजित किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा सांसद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सबसे ज्यादा पीडीए की बात करते हैं, लेकिन उनका पीडीए सिर्फ परिवार तक सीमित है। उन्होंने कहा कि जैसे समाजवादी पार्टी में पहले मुलायम सिंह यादव और अब अखिलेश यादव अध्यक्ष हैं, वैसे ही कांग्रेस में इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और अब राहुल गांधी हैं। यह पीडीए समाज के भीतर सिर्फ दिखावा है।
भाजपा का उदाहरण देते हुए जगदंबिका पाल ने कहा कि सही मायने में पीडीए भाजपा में दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और उनका काम सिर्फ रोज किसी एक मुद्दे पर ट्वीट करना रह गया है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के अलावा समाजवादी पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं था और जब सदन में वंदे मातरम पर चर्चा हुई तो पार्टी ने वॉकआउट कर दिया।
सपा के वर्किंग सांसदों पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का विरोध समाजवादी पार्टी की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पिता भी वंदे मातरम के समय खड़े नहीं होते थे और सदन से बाहर चले जाते थे, आज भी वही रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से सवाल करते हुए कहा कि जिस वंदे मातरम ने ब्रिटिश हुकूमत को हिला दिया, उसका इस तरह विरोध क्यों किया जाता है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में हुई घटना पर राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जगदंबिका पाल ने कहा कि वहां जो भी हुआ, उस पर सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की मानसिकता विदेश जाकर भारत की आलोचना करने की है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उन्हें सरकार या प्रधानमंत्री की आलोचना करने का अधिकार है, लेकिन विदेश में जाकर भारत की छवि खराब करना गलत है, इसी कारण जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी।
भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के नेतृत्व में चल रही इस राष्ट्रकथा में जगदंबिका पाल ने सनातन को एकजुट करने पर जोर दिया। उन्होंने नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सनातन की ताकत ही है कि आज पूरी दुनिया भारत से सीख ले रही है। अमेरिका, यूक्रेन, हमास और रूस तक भारत की ओर देख रहे हैं, यही सनातन की शक्ति है।
इसको भी पढ़ें : लोहिया संस्थान में तीसरी कैथ लैब शुरू, रोजाना 40 हृदय रोगियों को मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































