बोलता सच,वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बुधवार को 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ 35 लाख रुपये का अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया। यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में करीब एक लाख करोड़ रुपये अधिक है। इस बार का बजट वाराणसी जिले के लिए कई अहम घोषणाएं लेकर आया है, जिनमें पर्यटन और आधारभूत ढांचे के विकास पर विशेष फोकस किया गया है।
बजट में वाराणसी और विंध्याचल को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर जोर दिया गया है। विंध्यवासिनी देवी धाम और वाराणसी में पर्यटक सुविधाओं के विस्तार के लिए 100-100 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इन प्रावधानों के जरिए वाराणसी-मिर्जापुर क्षेत्र में संपर्क मार्ग, बुनियादी सुविधाएं और पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा बनारस, गोरखपुर और प्रयागराज में मेट्रो सुविधा प्रस्तावित की गई है, जिससे पूर्वांचल के प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट पेश करते हुए इसे ‘विकसित भारत के संकल्प’ और ‘विजन-2047’ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। सरकार के अनुसार, बीते वर्षों में प्रदेश के बजट का आकार लगातार बढ़ा है। वर्ष 2017-18 में जहां बजट लगभग 3.85 लाख करोड़ रुपये था, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर करीब 9.13 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
सरकार का दावा है कि यह बजट राज्य में निवेश, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय संतुलित विकास को नई गति देगा। खासकर काशी और आसपास के क्षेत्रों के लिए किए गए प्रावधानों से पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसको भी पढ़ें : लखनऊ एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, बैंकॉक से आए यात्री के बैग से 2.05 करोड़ का गांजा बरामद
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































