बोलता सच,नई दिल्ली : कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी का झंडा फहराया। इस मौके पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला और कांग्रेस को खत्म करने की बात करने वालों को खुली चुनौती दी।
अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि कांग्रेस की ताकत सत्ता में रहने या न रहने से तय नहीं होती, बल्कि उसकी विचारधारा से तय होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मिलकर उसकी सोच और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि सामाजिक न्याय के साथ एक खुशहाल भारत का निर्माण किया जा सके।
खरगे ने कांग्रेस के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई में पार्टी की स्थापना हुई थी। इसके बाद 62 वर्षों तक करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया, त्याग और बलिदान दिए, जेल की यातनाएं सहीं, तब जाकर देश आजाद हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों के भारत को साकार करने के लिए कांग्रेस लगातार प्रयास करती रहेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि आज संविधान और लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं। कांग्रेस ने आजादी से पहले जिन मौलिक अधिकारों की परिकल्पना की थी, वही आगे चलकर संविधान का आधार बने, लेकिन मौजूदा दौर में इन्हीं मूल्यों को कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं।
भाजपा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि जो लोग कहते हैं कि “कांग्रेस खत्म हो गई है”, उन्हें समझ लेना चाहिए कि सत्ता भले कम हो, लेकिन कांग्रेस की रीढ़ आज भी मजबूत है। कांग्रेस ने न कभी संविधान से समझौता किया, न धर्मनिरपेक्षता से और न ही गरीबों के अधिकारों से। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं की, न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। कांग्रेस जोड़ने की राजनीति करती है, जबकि भाजपा बांटने का काम करती है।
खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास आज सत्ता है, लेकिन सच्चाई नहीं है। इसी वजह से कभी आंकड़े छिपाए जाते हैं, कभी जनगणना रोकी जाती है और कभी संविधान बदलने की बातें की जाती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधारा कभी खत्म नहीं होती।
आरएसएस-भाजपा पर हमला जारी रखते हुए खरगे ने कहा कि महात्मा गांधी ने कांग्रेस को सामाजिक सुधार, समानता, आर्थिक स्वावलंबन और साम्प्रदायिकता के विरोध की दिशा दी थी, लेकिन मौजूदा सरकार कांग्रेस द्वारा बनाए गए संस्थानों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय संपदा के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन भी खतरे में है और जनता के अधिकारों को कुचला जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस को इन कोशिशों का डटकर मुकाबला करना होगा।
इसको भी पढ़ें : KGMU लव जिहाद मामला: महिला आयोग अध्यक्ष ने कहा— निष्पक्ष जांच जारी, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































