बोलता सच,रांची: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार, 30 नवंबर को दोपहर डेढ़ बजे जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय कप्तान केएल राहुल ने साफ कर दिया है कि ऋषभ पंत सिर्फ विकेटकीपर के रूप में नहीं, बल्कि एक स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में भी टीम में अपनी अहमियत रखते हैं।
पंत की उपलब्धता पर अभी संशय है क्योंकि उन्होंने अगस्त 2024 में श्रीलंका दौरे के बाद से 50 ओवर क्रिकेट नहीं खेला है। राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “पंत जब फिट होते हैं, तो टीम के लिए बेहद मूल्यवान खिलाड़ी बन जाते हैं। उन्होंने लंबे समय से टीम के साथ हैं और सभी जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। अगर पंत अंतिम XI में होंगे, तो विकेटकीपिंग वही करेंगे। लेकिन वह सिर्फ कीपर नहीं, बल्कि बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं।”
ऋतुराज गायकवाड़ की वापसी पर राहुल की टिप्पणी
केएल राहुल ने ऋतुराज गायकवाड़ की भी तारीफ की, जो लगभग दो साल बाद वनडे टीम में लौट रहे हैं। उन्होंने रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग स्लॉट में दावेदारी की है। दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ हाल ही में ऋतुराज ने 117, नाबाद 68 और 25 रन की पारियां खेली थीं। राहुल ने कहा, “ऋतु एक क्लास प्लेयर हैं। अब जब मौका मिला है, हमें उम्मीद है कि वह इसका फायदा उठाएंगे। उनकी स्किल पर कभी सवाल नहीं था, बस सही मौके की जरूरत थी।”
टेस्ट सीरीज की हार के बाद वनडे में बदलेगी किस्मत
भारत हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज 0-2 से हार चुका है। केएल राहुल का कहना है कि टीम अब नए सिरे से शुरुआत करना चाहती है और खिलाड़ियों के पास अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा मौका है।
भारत की संभावित टीम: केएल राहुल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋषभ पंत, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षित राणा, ऋतुराज गायकवाड़, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, ध्रुव जुरेल।
दक्षिण अफ्रीका की संभावित टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्क्रम, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, क्विंटन डिकॉक, मार्को यानसेन, टोनी डी जॉर्जी, रुबिन हरमन, ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, रेयान रिकेलटन, प्रेनेलन सुब्रायन।
इसको भी पढ़ें : आधी रात प्रेमी संग घर से निकली युवती, परिजनों ने लगाया झूठा आरोप; पुलिस ने लोकेशन के आधार पर बरामद किया
➤ You May Also Like





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































