Breaking News

कोटद्वार विवाद: मोहम्मद दीपक को जान से मारने की धमकी, दो लाख का इनाम घोषित

Bolta Sach News
|
Kotdwar controversy Mohammad Deepak

बोलता सच,कोटद्वार : दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चाओं में आए मोहम्मद दीपक (दीपक कुमार) को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने दीपक की हत्या पर दो लाख रुपये का इनाम रखने की भी बात कही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस साइबर माध्यमों से आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है।

जमीअत उलेमा-ए-हिंद ने की सुरक्षा की मांग

इस मामले को लेकर जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने डीजीपी को पत्र लिखकर दीपक कुमार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी। इसके बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उनकी जान को खतरा बना हुआ है।

जिम में तोड़फोड़ का प्रयास

जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने बताया कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बदले उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से आए लोगों ने कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ का प्रयास किया।

शांत छवि धूमिल होने का आरोप

जमीअत ने कहा कि जिस नागरिक ने सामाजिक सौहार्द और इंसानियत की मिसाल पेश की, उसे धमकाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे देवभूमि उत्तराखंड की शांत छवि धूमिल हो रही है।
जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि जिम में तोड़फोड़ का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


इसको भी पढ़ें : ट्रेनी विमान क्रैश: विजयपुरा में इंजन फेल होने से प्राइवेट एयरक्राफ्ट खेत में गिरा, पायलट समेत दो घायल

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply