Breaking News

माघ मेला विवाद पर कुमार विश्वास ने शंकराचार्य से मांगी माफी, बोले– क्रोध त्यागकर सबको दें आशीर्वाद

Bolta Sach News
|
Kumar Vishwas on Magh Mela controversy
बोलता सच,प्रयागराज। मशहूर कवि और वक्ता कुमार विश्वास ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए उनसे क्रोध त्यागकर सभी को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है। यह बयान उन्होंने प्रयागराज में आयोजित माघ मेले के दौरान मौनी अमावस्या पर्व पर शंकराचार्य और मेला प्रशासन के बीच स्नान को लेकर हुए विवाद के संदर्भ में दिया।

मीडिया से बातचीत में कुमार विश्वास ने कहा कि उनमें इतनी सामर्थ्य नहीं है कि वह पूज्य शंकराचार्य के विषय में कोई टिप्पणी करें। एक सामान्य आस्तिक और धर्म के प्रति समर्पित व्यक्ति के रूप में उन्होंने दो अनुरोध रखे। पहला अनुरोध प्रशासन से करते हुए उन्होंने कहा कि संत समाज के प्रति संवेदनशीलता और मर्यादा का भाव बनाए रखा जाना चाहिए। जिन लोगों ने स्वयं को धर्म और संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया है, उनसे संवाद करते समय प्रशासन को विशेष जिम्मेदारी और सम्मान का परिचय देना चाहिए।

दूसरे अनुरोध में कुमार विश्वास ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से विनम्र अपील करते हुए कहा कि वे अपने सात्विक क्रोध का त्याग करें और सभी पर कृपा बरसाएं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य की परंपरा के कारण ही भारतीय धर्म, दर्शन और संस्कृति का गौरव बढ़ा है। यदि कहीं कोई भूल या अपराध हुआ है तो एक सामान्य भारतीय नागरिक के रूप में वह स्वयं और समाज की ओर से शंकराचार्य से क्षमा मांगते हैं।

कुमार विश्वास ने यह भी कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि शंकराचार्य सबके मंगल के लिए सभी को आशीर्वाद दें। उनके इस बयान को माघ मेला विवाद को शांत करने और संत समाज व प्रशासन के बीच संवाद का रास्ता खोलने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।


Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “माघ मेला विवाद पर कुमार विश्वास ने शंकराचार्य से मांगी माफी, बोले– क्रोध त्यागकर सबको दें आशीर्वाद”

Leave a Reply