Breaking News

कुशीनगर में प्रेम प्रसंग का मामला: युवक ने प्रेमिका के घर में घुसकर भरी मांग, परिवार के विरोध पर मचा बवाल

Bolta Sach News
|
Kushinagar love affair case
बोलता सच ,कुशीनगर। कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही लड़की के परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, रामकोला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर उनकी बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान महराजगंज जिले के पुरैना थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय विशाल नाम का युवक उनके घर में घुस आया। युवक ने अचानक बेटी की मांग में सिंदूर भर दिया और खुद को उसका पति बताने लगा। इस दौरान लड़की घबरा गई और शोर मचाया।
परिवार के अनुसार, आरोपी युवक की उनकी बेटी से दो साल पहले पहचान हुई थी। उस समय वह नाबालिग थी। बताया जा रहा है कि युवक ने लड़की को बहलाकर प्रेमजाल में फंसाया और उसका शारीरिक शोषण किया। जब मामला परिवार तक पहुंचा तो समझौते की बात चली, लेकिन युवक के परिवार ने रिश्ता स्वीकार करने से इनकार कर दिया। परिवार का आरोप है कि उस समय आरोपी ने लड़की का गर्भपात भी कराया था। अब जब लड़की बालिग हो गई, तो युवक ने दोबारा संबंध बनाने की कोशिश की और जबरन सिंदूर भरकर शादी का दावा करने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को रोकने की कोशिश की। इसी बीच आरोपी की मां रीता देवी भी वहां पहुंच गईं। बताया गया कि उन्होंने भी पीड़िता के परिवार से गाली-गलौज और मारपीट की। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। तत्काल किसी ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया।
रामकोला थानाध्यक्ष राज प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी विशाल और उसकी मां रीता देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण समाज में प्रेम संबंधों को लेकर बढ़ते विवादों और सामाजिक टकरावों को उजागर करती है, जहां ऐसे मामले अक्सर सामाजिक दबाव और गलतफहमियों के चलते कानूनी विवाद का रूप ले लेते हैं।

इस खबर को भी पढ़ें : 10 दिन डीप फ्रीजर में रहेगा बौद्ध गुरु का शव:भदंत ज्ञानेश्वर के अंतिम दर्शन करने म्यांमार के राजदूत कुशीनगर पहुंचे

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply