बोलता सच,बरेली : फरीदपुर से भाजपा विधायक रहे प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल की अंतिम यात्रा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शक्तिनगर कॉलोनी स्थित उनके आवास से निकली। अंतिम दर्शन के लिए हजारों लोगों का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई मंत्रियों ने बरेली पहुंचकर दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री योगी करीब 15 मिनट तक मौके पर रुके, इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हार्ट अटैक से भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया था। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार सुबह से ही उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। बरेली के शक्तिनगर स्थित आवास से उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लपेटकर फरीदपुर के लिए रवाना किया गया।
जैसे ही बरेली स्थित आवास से विधायक की अंतिम यात्रा शुरू हुई, माहौल गमगीन हो गया। लोग भावुक हो उठे और कई की आंखों से आंसू छलक पड़े। दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर वाहन में रखकर फरीदपुर ले जाया गया। बरेली से फरीदपुर तक जगह-जगह लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी। नकटिया, नरियावल सहित कई स्थानों पर लोगों ने वाहन रुकवाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
फरीदपुर नगर पहुंचने पर विधायक कार्यालय में पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां पहले से ही हजारों लोग मौजूद थे। भाजपा पदाधिकारियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत विधायक को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर हजारों लोगों की भीड़ नजर आई और हर आंख नम थी।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जनपद के सभी सर्किलों के पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस बल और पीएसी को विधायक कार्यालय से लेकर श्मशान भूमि तक तैनात किया गया था। जिस वाहन से दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर ले जाया गया, उसे फूलों से सजाया गया था। बरेली से फरीदपुर तक पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं के दर्जनों वाहनों का काफिला स्वर्ग वाहन के पीछे चलता रहा। सड़क पर जहां-जहां लोग खड़े थे, वहीं से उन्होंने दिवंगत विधायक को नमन कर अंतिम विदाई दी।
इसको भी पढ़ें : हाथरस में नए साल पर मातम: पढ़ाई को लेकर डांट से आहत 15 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































