Breaking News

अयोध्या में जोरदार धमाके से मकान ढहा, पांच की मौत — तीन बच्चे शामिल, रेस्क्यू अभियान जारी

Bolta Sach News
|
Loud explosions in Ayodhya
बोलता सच ,अयोध्या। भदरसा नगर पंचायत के पगलाभारी गांव में गुरुवार रात तेज धमाके के साथ एक मकान ढह गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे और दो युवक शामिल हैं। हादसा रात करीब 7:30 बजे हुआ, जब इलाके में एक जोरदार विस्फोट की आवाज गूंजी। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के घरों की दीवारें और खिड़कियां तक हिल गईं।
घटना महाराणा प्रताप वार्ड स्थित रामकुमार गुप्त उर्फ पारसनाथ के घर में हुई। बताया जा रहा है कि उनके मकान में आटा चक्की का संचालन भी होता था। विस्फोट के बाद पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को निकालने में पुलिस की मदद की।
सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने पांच लोगों को बाहर निकाला, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में गृहस्वामी रामकुमार गुप्त, उनकी बेटी ईशा, पुत्र यश और दो अन्य युवक शामिल हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, मृतकों में तीन बच्चे सात से आठ वर्ष की आयु के थे, जबकि दो पुरुषों की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस को सिलेंडर या पटाखा विस्फोट की आशंका
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में रसोई गैस सिलेंडर या पटाखा ब्लास्ट की संभावना जताई जा रही है। घटनास्थल से फटा हुआ प्रेशर कुकर, सिलेंडर के अवशेष और गैस की तीव्र गंध मिली है। आशंका है कि गैस लीक होने या पटाखे में आग लगने से विस्फोट हुआ।
देर रात तक चला रेस्क्यू अभियान
अंधेरा और मलबे की गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं। पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी रहीं। सुरक्षा की दृष्टि से डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोजल टीम को भी बुलाया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को तत्काल राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घायलों को हर संभव चिकित्सीय सहायता और मृतकों के परिजनों को आवश्यक मदद प्रदान की जाए।
प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक संकेतों के अनुसार, धमाका सिलेंडर लीक या पटाखों के विस्फोट से हुआ है, हालांकि इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।

इस खबर को भी पढ़ें : डीएम बोलीं- टैंक की सफाई कराई तो बनेगा क्रिमिनल केस

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “अयोध्या में जोरदार धमाके से मकान ढहा, पांच की मौत — तीन बच्चे शामिल, रेस्क्यू अभियान जारी”

Leave a Reply