बोलता सच,लखनऊ : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भव्य किसान सम्मान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने किसानों, एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) प्रतिनिधियों और कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह के जीवन और उनके किसान हितैषी योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का पूरा जीवन किसानों के अधिकारों, उनके सम्मान और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी नीतियां और विचार आज भी देश की कृषि व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक हैं।
किसान सम्मान दिवस के दौरान मुख्यमंत्री ने पांच किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी और 25 ट्रैक्टरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैक्टर प्राप्त करने वाले किसानों में जालौन की प्रवेशिका, शाहजहांपुर के उधम सिंह, फतेहपुर के मुकेश, मुजफ्फरनगर के श्रीपाल और लखीमपुर खीरी के जमाइफ खान शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है और किसानों की आय में वृद्धि संभव है।
कार्यक्रम में विभिन्न फसलों में उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उन्हें एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए। सम्मान पाने वालों में धान उत्पादन के लिए कमलनाथ, गेहूं के लिए बिजेंद्र कुमार सिंह, चना के लिए आशीष तिवारी, मटर के लिए रामकिशुन, सरसों के लिए हीरालाल, अरहर के लिए रणधीर सिंह और ज्वार के लिए अमरेश कुमार शामिल रहे।
इसके अलावा विशिष्ट महिला किसान का पुरस्कार संध्या सिंह को प्रदान किया गया। उन्हें 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र दिया गया। एफपीओ श्रेणी में जया सीड्स कंपनी लिमिटेड, वाराणसी के विकास कुमार सिंह को एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं गोंडा के कुलदीप मिश्र को बीज विकास निगम में सर्वाधिक बीज आपूर्ति करने वाले एफपीओ के रूप में सम्मान मिला। औद्यानिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भी विकास कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
कृषि वैज्ञानिक श्रेणी में कृषि विज्ञान केंद्र, उन्नाव के डॉ. धीरज कुमार तिवारी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलते हुए किसानों का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों के सम्मान से ही प्रदेश का विकास संभव है और इसी नीति पर सरकार कार्य कर रही है।
इसको भी पढ़ें : मनरेगा का नाम बदलने के प्रस्ताव के खिलाफ देवरिया में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































