बोलता सच,प्रयागराज : कुख्यात माफिया अतीक अहमद भले ही अब जिंदा न हो, लेकिन उसके नाम और स्टाइल को लेकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने की कोशिशें अब भी थम नहीं रही हैं। जमीनी हकीकत से दूर कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए अतीक का खौफ दोहराने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में अतीक अहमद के नाबालिग बेटों की एक रील वायरल होने के बाद धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब इसी तरह का एक और मामला एयरपोर्ट थाना क्षेत्र से सामने आया है।
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में वायरल हुई एक रील में एक युवक चार पहिया वाहन की छत पर बैठकर अतीक अहमद जैसी वेशभूषा और हाव-भाव अपनाते हुए धमकी भरे संवाद बोलता नजर आ रहा है। वीडियो में युवक यह कहते हुए दिखता है कि “न किसी से माफी मांगी है और न किसी को माफ किया जाएगा, वक्त का इंतजार करो, नजारा बहुत बढ़िया दिखाया जाएगा।” इस तरह की भाषा और अंदाज को पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
सोशल मीडिया पर माफिया स्टाइल में रील बनाना आरोपियों को भारी पड़ गया। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज किया। एयरपोर्ट थाने में तैनात उपनिरीक्षक ब्रह्मेश मिश्र की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मद सुनेफ और शुभम कुमार भारती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मोहम्मद हमदान और नूर आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने वीडियो शूटिंग में इस्तेमाल की गई दोनों चार पहिया गाड़ियों को सीज कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर अपराधियों का महिमामंडन या धमकी भरे वीडियो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इसको भी पढ़ें : लखनऊ: राष्ट्र प्रेरणा स्थल सोमवार से आम जनता के लिए खुलेगा, प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































