बोलता सच , लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में घोषणा की कि राज्य सरकार सफाई कर्मियों को ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर देगी। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेशन से धनराशि प्राप्त होने के बाद यह व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी कि दुर्भाग्यवश किसी सफाईकर्मी की दुर्घटना या आपदा में मृत्यु होने पर बैंक के माध्यम से 35 से 40 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सके। सीएम ने बताया कि उत्तर प्रदेश के 80 हजार होमगार्ड को पहले ही यह कवर दिया जा चुका है, अब सफाई कर्मियों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह में प्रदर्शित लघु फिल्म भी देखी।
“चरित्र से युक्त व्यक्ति ही राष्ट्र कल्याण का माध्यम”
सीएम योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत की महान परंपरा के भाग्य विधाता हैं। उन्होंने कहा कि “चरित्र से युक्त व्यक्ति ही लोककल्याण और राष्ट्रकल्याण का माध्यम बन सकता है।”
सीएम ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो धर्मसभा के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि “विदेशों में पहचान पहनावे से बनती है, लेकिन भारत में पहचान चरित्र से बनती है।”
“मानव समाज भगवान वाल्मीकि का कृतज्ञ है”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण लिखते समय भगवान राम को धर्म का साक्षात प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भगवान राम का चरित्र हर काल, देश और परिस्थिति में प्रासंगिक है — चाहे वह भाई-भाई, पिता-पुत्र या राजा-प्रजा का संबंध हो। उन्होंने कहा कि “महर्षि वाल्मीकि ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन के माध्यम से यह सिखाया कि मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।”
“भारत के ऋषियों ने हर युग में समाज को दिशा दी”
सीएम योगी ने कहा कि भारत के देवतुल्य ऋषियों की परंपरा ने सभी कालखंडों में समाज का मार्गदर्शन किया है।
उन्होंने कहा — “रामायण काल में महर्षि वाल्मीकि, महाभारत काल में महर्षि वेदव्यास, मध्यकाल में गुरु रविदास और स्वतंत्रता संग्राम में बाबा साहेब आंबेडकर समाज को दिशा देने वाले थे।” सीएम ने कहा कि यही दृष्टि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विचार में दिखती है।
“रामराज्य वही, जहां भेदभाव न हो”
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामराज्य का अर्थ है — ऐसा समाज जहां जाति, मजहब या संप्रदाय के आधार पर कोई भेदभाव न हो। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “जो लोग भगवान राम को गाली देते हैं, वे भगवान वाल्मीकि का भी अपमान करते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने शासनकाल में सामाजिक न्याय के प्रतीकों के स्मारकों और संस्थानों के नाम बदल दिए थे। योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने उन्हें पुनः मूल नामों से सम्मानित किया।
“सपा सरकार के समय सफाई कर्मियों का होता था शोषण”
सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सफाई कर्मियों को ₹4,000 मासिक वेतन भी नहीं मिलता था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मैला सिर पर ढोने की कुप्रथा समाप्त की गई और प्रत्येक घर में शौचालय बनवाया गया।
योगी ने कहा कि अब सफाई कर्मियों को अच्छा मानदेय और नियमित भुगतान सुनिश्चित किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बने सामुदायिक शौचालयों में कार्यरत स्वच्छता मित्रों को भी मानदेय देने की व्यवस्था की गई है।
“वाल्मीकि समाज अपने बच्चों को शिक्षित करें”
सीएम ने वाल्मीकि समाज से अपील की कि वे अपने बच्चों को पढ़ाएं और शिक्षित करें ताकि वे समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि “कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। जिस तरह मां अपने बच्चे की गंदगी साफ करती है, उसी तरह सफाई कर्मी समाज को पवित्र बनाए रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों और अपमान झेलने के बावजूद सफाई कर्मियों ने त्योहारों और सार्वजनिक कार्यक्रमों को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। यही समर्पण एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करता है।
“हर घर में होना चाहिए भगवान वाल्मीकि का चित्र”
सीएम योगी ने कहा कि आज हर मंदिर में भगवान वाल्मीकि की तस्वीर के साथ अखंड रामायण पाठ चल रहा है। उन्होंने अपील की कि “हर भारतीय के घर में भगवान वाल्मीकि का चित्र होना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रमों को और भव्य रूप में मनाया जाएगा, क्योंकि “महर्षि वाल्मीकि ने न केवल सांसारिक उत्कर्ष का मार्ग दिखाया, बल्कि भगवान राम का नाम देकर मोक्ष का मार्ग भी प्रशस्त किया।”
इस खबर को भी पढ़ें : देवरिया: आठवीं की छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में निजी विद्यालय प्रबंधक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































