बोलता सच,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। यह सूची चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कर दी गई है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस पुनरीक्षण के बाद राज्य की मतदाता सूची से कुल 2 करोड़ 89 लाख नाम हटाए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, रिवीजन के बाद उत्तर प्रदेश में अब कुल 12 करोड़ 55 लाख मतदाता दर्ज हैं। जांच में 46 लाख मतदाता मृत पाए गए, जबकि 2.17 करोड़ लोग अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके थे, जिनके नाम सूची से हटाए गए। इसके अलावा 25.47 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज पाए गए।
उन्होंने बताया कि 15 करोड़ से अधिक मतदाताओं या उनके परिवार के सदस्यों ने हस्ताक्षर कर फॉर्म जमा किए। पुरानी मतदाता सूची के लगभग 81 प्रतिशत लोगों ने अपने फॉर्म वापस किए, जबकि 18 प्रतिशत मतदाताओं ने फॉर्म जमा नहीं किया।
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च 2026 को किया जाएगा। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा 12 लाख नाम लखनऊ में कटे हैं। इसके बाद प्रयागराज में 11.56 लाख, कानपुर नगर में 9 लाख, आगरा में 8.36 लाख, गाजियाबाद में 8.18 लाख और बरेली में 7.14 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। गोरखपुर में 6.45 लाख, सीतापुर में 6.23 लाख और जौनपुर में 5.89 लाख नाम काटे गए हैं।
चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि यदि ड्राफ्ट मतदाता सूची में उनका नाम शामिल है, लेकिन नाम या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, तो वे 6 फरवरी तक अपने बीएलओ कार्यालय में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
मतदाता अपना नाम ड्राफ्ट सूची में देखने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट https://www.eci.gov.in/ पर जाकर “Search Your Name in E-Roll” विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद EPIC नंबर और राज्य का नाम दर्ज कर मतदाता सूची में अपना विवरण जांचा जा सकता है।
इसको भी पढ़ें : देवरिया: कड़ाके की ठंड में जिला पंचायत प्रत्याशी सद्दाम हुसैन ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































