बोलता सच,पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन को लेकर दिए गए बयान ने सियासी हलकों में भारी विवाद खड़ा कर दिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ममता बनर्जी की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किसी की मौत पर राजनीति करना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता शरद पवार पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह एक दुर्घटना थी। इसके बावजूद इस पर सवाल खड़े करना और राजनीतिक संकेत देना बेहद निंदनीय है।
फडणवीस ने कहा, “किसी सम्मानित नेता के निधन पर इस तरह की घटिया राजनीति करना न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि मानवीय संवेदनाओं के भी खिलाफ है।”
वहीं, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी ममता बनर्जी के बयान पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शोक की घड़ी में इस तरह की बयानबाजी पूरे महाराष्ट्र की भावनाओं को आहत करती है।
शिंदे ने कहा कि अजित पवार के अंतिम दर्शन के दौरान भारी जनसैलाब उमड़ा और हर तरफ ‘अजित दादा’ के नारे गूंजते रहे। ऐसे समय में साजिश जैसे संकेत देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने दो टूक कहा कि राजनीति के लिए और भी मंच होते हैं, लेकिन शोक के समय इस तरह के बयान पूरी तरह अनुचित हैं।
क्या कहा था ममता बनर्जी ने?
अजित पवार के निधन की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा था कि यह घटना देश में नेताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता में मौजूद लोग भी सुरक्षित नहीं हैं, तो हालात चिंताजनक हैं। साथ ही उन्होंने इस दुर्घटना की जांच की जरूरत पर भी जोर दिया था, जिससे विवाद और गहरा गया।
शरद पवार ने राजनीति से दूर रहने की अपील की
इस पूरे मामले में शरद पवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह एक दुखद दुर्घटना थी और इसमें किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह परिवार और महाराष्ट्र दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है और इस समय संवेदना और समर्थन सबसे जरूरी है।
ममता बनर्जी के बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है और यह मुद्दा अब राष्ट्रीय राजनीतिक बहस का रूप लेता नजर आ रहा है।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में जमीन विवाद को लेकर राइफल से फायरिंग, वायरल वीडियो के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































