बोलता सच,लखनऊ :यूपी की राजधानी लखनऊ की मेनका सोनी को वाशिंगटन के रेडमंड शहर का सिटी काउंसिल चुना गया है। वह इस पद पर चुनी जाने वाली पहली ‘प्रवासी भारतीय-अमेरिकी महिला’ बनी हैं। शपथ ग्रहण का वह क्षण भारत के लिए गर्व का पल बन गया, जब मेनका ने श्रीमद्भगवद गीता हाथ में लेकर शपथ ली। इस दौरान उन्होंने भारतीय हैंड-एम्ब्रॉयडरी वाली पैंट-सूट भी पहन रखी थी, जिससे भारतीय संस्कृति और विरासत का सम्मान और अधिक बढ़ गया। जज रसेल ने उन्हें शपथ दिलवाई। बताते चलें कि रेडमंड शहर Microsoft के वैश्विक मुख्यालय और अमेरिका के सबसे प्रभावशाली टेक हब के रूप में जाना जाता है। उनकी यह जीत भारतीय-अमेरिकियों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। शपथ समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग उपस्थित रहे। मेयर एंजेला बिर्नी, सिटी काउंसिल के सदस्य तथा कई स्थानीय और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के नेता भी मौजूद रहे।
आठ वर्ष से सत्ता में जमे प्रतिद्वंदी को हराया
भारतीय मूल की मेनका की यह जीत इसलिए भी चर्चा में रही क्योंकि उन्होंने आठ वर्षों से सत्ता पर काबिज अपने प्रतिद्वंदी को हराकर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। सिटी काउंसिल बनने के बाद सिएटल में भारत के कांसुल जनरल प्रकाश गुप्ता ने उन्हें सम्मानित भी किया। आगरा में जन्मीं मेनका सोनी की शिक्षा लखनऊ में हुई और उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक किया। लगभग 20 वर्षों तक वह लखनऊ में रहीं और फिर अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए नई यात्रा शुरू की। वह 30 से अधिक वर्षों से वैश्विक कॉर्पोरेट सेक्टर में सक्रिय हैं और माइक्रोसाफ्ट, स्टारबक्स, जनरल मोटर्स और टी–मोबाइल जैसी कंपनियों में काम कर चुकी हैं।
कई पुरस्कारों से सम्मानित
मेनका की सेवा, संघर्ष और नेतृत्व की कहानी सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने वॉशिंगटन राज्य में महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा, युवाओं के विकास, मानसिक स्वास्थ्य, सामुदायिक सुरक्षा और बेघर लोगों की मदद जैसे क्षेत्रों में कार्य कर लोगों के दिलों में अलग पहचान बनाई है। वह AmPowering नामक गैर-लाभकारी संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष हैं, जिसने अब तक पांच लाख से अधिक लोगों की मदद की है। उनके योगदान के लिए उन्हें यूएस कांग्रेस द्वारा Top-20 Influential Women Award और राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा प्रेसीडेंट लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड-2024 से सम्मानित किया जा चुका है।
मेनका ने बताईं अपनी आगामी योजनाएं
अपनी जीत पर मेनका सोनी ने कहा कि यह वास्तव में समुदाय की जीत है। रेडमंड एक वैश्विक शहर है और इसके विविध तथा प्रतिभाशाली निवासियों का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि गीता हाथ में लेकर शपथ लेना उनके लिए सत्य, कर्तव्य और सेवा के उन मूल्यों का स्मरण कराने वाला क्षण था, जिनका पालन वह सार्वजनिक जीवन में हमेशा करेंगी। अपनी प्राथमिकताओं के बारे में उन्होंने बताया कि सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना, सभी के लिए न्यायसंगत और सुलभ आवास उपलब्ध कराना, छोटे व्यवसायों और आर्थिक विकास को बढ़ावा देना, शहर की सुरक्षा एवं स्थिरता सुनिश्चित करना और दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि हर आवाज को सुना और सम्मानित किया जाएगा।
इसको भी पढ़ें : मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2025: व्रत आज 4 दिसंबर को, जानें सटीक तिथि, महत्व और पूजा विधि
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































