बोलता सच : श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में शुक्रवार देर रात करीब 11:30 बजे जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा इलाका हिल उठा। इस भीषण विस्फोट में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक दर्जन से ज्यादा वाहन आग की चपेट में आ गए और आसपास के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा। घरों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज नौगाम से लेकर छानपोरा, सनतनगर, रावलपोरा और पंथा चौक तक सुनी गई। विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई इमारतों के शीशे टूट गए थे और चारों ओर धुआं फैल गया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की। घटना में घायल हुए लोगों को तुरंत उजाला सिग्नस अस्पताल, SMHS अस्पताल और 92 बेस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फरीदाबाद में जब्त विस्फोटक से हुआ हादसा?
सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि धमाका फरीदाबाद से जब्त की गई विस्फोटक सामग्री के नमूने लेते समय हुआ। हालांकि, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बरामद किया गया विस्फोटक अमोनियम नाइट्रेट था।
यह वही केस है जिसमें हाल ही में जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद (AGuH) के आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था। इस माड्यूल से जुड़े दो ओवरग्राउंड वर्कर्स की गिरफ्तारी के बाद फरीदाबाद में करीब 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री और हथियार कब्जे में लिए गए थे। इसी मामले में नौगाम पुलिस स्टेशन में 19 अक्टूबर को केस दर्ज किया गया था।
360 किलो विस्फोटक नौगाम थाने में लाया गया था
सूत्र बताते हैं कि फरीदाबाद में मुजम्मिल गनई के किराएदार मकान से जब्त 360 किलो विस्फोटक नौगाम पुलिस स्टेशन में लाया गया था। मुजम्मिल इस आतंकी मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में शामिल है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि क्या पूरा विस्फोटक थाने में ही रखा गया था या उसका कुछ हिस्सा कहीं और भी भेजा गया था।
क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी, इलाके में आवाजाही बंद
धमाके के बाद पुलिस ने तुरंत क्षेत्र को सील कर दिया और आसपास के सभी रास्तों को बंद कर दिया। किसी भी नागरिक को घटनास्थल की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस और सुरक्षाबलों ने थाने व आसपास की इमारतों को घेर लिया है और जांच जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोट के बाद आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। एक चश्मदीद ने दावा किया कि उसने दो शवों को मौके पर देखा। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी भी प्रत्यक्षदर्शी बयान को स्वीकार नहीं किया है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस और बम डिस्पोज़ल स्क्वाड धमाके के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोट सुरक्षा चूक, हैंडलिंग के दौरान गलती या किसी साजिश का नतीजा तो नहीं है। जांच पूरी होने तक पुलिस ने पूरे थाने परिसर और आसपास के इलाकों को उच्च सुरक्षा में रखा है।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में मोबाइल दुकानदार को गोली मारने की घटना का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































2 thoughts on “श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण विस्फोट: 6 की मौत, 27 घायल; जब्त विस्फोटक सामग्री से हादसे की आशंका”