बोलता सच,मेरठ : मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेट्रो और नमो भारत ट्रेन के संचालन का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक सप्ताह के भीतर मेरठ पहुंचकर इस कॉरिडोर का शुभारंभ कर सकते हैं। हालांकि कार्यक्रम की तिथि को लेकर प्रशासन ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन 16 या 18 फरवरी को संभावित तिथि के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर मोहिउद्दीनपुर स्थित इंटीग्रेटेड टाउनशिप की भूमि पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा शताब्दीनगर मेट्रो स्टेशन और परतापुर हवाई पट्टी का भी दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जनसभा स्थल पर पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के ठेकेदारों ने काम शुरू कर दिया है, जबकि जेसीबी मशीनों से भूमि को समतल किया जा रहा है।
दिल्ली से मेरठ मोदीपुरम तक नमो भारत (रैपिड रेल) का कुल कॉरिडोर 82 किलोमीटर लंबा है। इसमें दिल्ली से मेरठ साउथ तक 55 किलोमीटर हिस्से पर नमो भारत ट्रेन पहले ही संचालित हो रही है, जिससे मेरठ और गाजियाबाद के यात्रियों को लाभ मिल रहा है। वहीं मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 27 किलोमीटर लंबे हिस्से पर पिछले छह महीनों से ट्रायल के तौर पर मेट्रो और नमो भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं, लेकिन अभी तक इसे आम जनता के लिए शुरू नहीं किया गया है।
एनसीआरटीसी अधिकारियों ने पूर्व में बताया था कि इस कॉरिडोर की रिपोर्ट पीएमओ को भेजी जा चुकी है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी मेट्रो संचालन की मांग उठाई थी। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने संसद में भी इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा था।
अब प्रशासनिक तैयारियों और तेज गतिविधियों को देखते हुए संकेत मिल रहे हैं कि मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का संचालन जल्द ही शुरू हो सकता है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
इसको भी पढ़ें : लखनऊ एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, बैंकॉक से आए यात्री के बैग से 2.05 करोड़ का गांजा बरामद
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































