Breaking News

कोलकाता में मेस्सी कार्यक्रम में अव्यवस्था, मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Messi at the event in Kolkata

बोलता सच,कोलकाता : कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में शनिवार को आयोजित फुटबॉल स्टार लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में भारी अव्यवस्था के बाद मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यक्रम के दौरान मची अफरा-तफरी के चलते अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता कप्तान मेस्सी को तय समय से पहले ही स्टेडियम छोड़कर लौटना पड़ा।

पुलिस ने दत्ता को कथित कुप्रबंधन के आरोप में कोलकाता हवाई अड्डे से हिरासत में लिया, जहां वह मेस्सी और उनके साथ आए अन्य मेहमानों को हैदराबाद रवाना करने पहुंचे थे। पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


स्टेडियम में क्यों मचा बवाल

शनिवार को कोलकाता में मेस्सी के स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह था, लेकिन कार्यक्रम शुरू होते-होते हालात बेकाबू हो गए। हजारों रुपये के टिकट खरीदने के बावजूद बड़ी संख्या में प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देख नहीं पाए। मेस्सी के समय से पहले लौटने की खबर फैलते ही दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा।

स्टेडियम में कुर्सियां तोड़ी गईं, बोतलें फेंकी गईं और फेंसिंग गेट तोड़कर सैकड़ों लोग मैदान में घुस गए। कुछ हिस्सों में आग लगने की भी सूचना है। पुलिस द्वारा लाठीचार्ज के बावजूद स्थिति पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका।


डीजीपी ने किया जांच का ऐलान

घटना के बाद डीजीपी राजीव कुमार ने एडीजी (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सरकार ने जांच के लिए एक समिति गठित की है। आयोजकों से लिखित जवाब मांगा गया है और टिकट खरीदारों को पैसे लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एडीजी जावेद शमीम ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मांगी माफी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस कुप्रबंधन पर खेद जताते हुए कहा कि वह स्वयं कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लियोनेल मेस्सी, उनके प्रशंसकों और सभी खेल प्रेमियों से माफी मांगी।


उच्च स्तरीय जांच समिति गठित

मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) असीम कुमार रे की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति के गठन की घोषणा की। समिति में गृह विभाग के मुख्य सचिव और पर्वतीय मामलों के विभाग के अपर मुख्य सचिव सदस्य होंगे। यह समिति घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुझाव देगी।


इसको भी पढ़ें : सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: मुंबई और आंध्र को हार, सिराज का शानदार प्रदर्शन, रेड्डी की हैट्रिक बेकार

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply