Breaking News

लापता दरोगा अजय कुमार गोड़ का सरयू तट पर अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि, गांव में शोक

Bolta Sach News
|
Missing Inspector Ajay Kumar God
बोलता सच,बस्ती/देवरिया : बस्ती जनपद के परशुरामपुर थाने में तैनात सीनियर सब इंस्पेक्टर (SSI) अजय कुमार गोड़ का अंतिम संस्कार सोमवार देर रात देवरिया जिले के बरहज स्थित सरयू नदी के घाट पर किया गया। उनके बड़े पुत्र अमित राज ने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान घाट पर भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों की आंखें भी नम रहीं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मुड़ाडीह गांव निवासी अजय कुमार गोड़ का शव रविवार शाम करीब पांच बजे अयोध्या की सरयू नदी में मिला था। शव मिलने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद देर शाम जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो घर में कोहराम मच गया। महिलाओं के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
चार दिनों से लापता चल रहे दरोगा का शव मिलने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण उनके घर जुट गए। पिता रामचंद्र गोड़, बड़े भाई दिलीप कुमार गोड़, पत्नी रंजीता गौड़, बेटे अमित राज और उत्कर्ष राज समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीणों ने बताया कि अजय कुमार गोड़ स्वभाव से मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, इसलिए उनकी अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है।

बेटे की मौत से भीतर तक टूटे पिता

अजय कुमार गोड़ की असमय मौत ने उनके पिता रामचंद्र गोड़ को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन पिता की आंखों से आंसू तक नहीं निकले। वे लंबे समय तक चुपचाप बैठे रहे और किसी से कुछ कह नहीं पाए। पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

पिता ने पुलिस पर उठाए सवाल

मृतक के पिता रामचंद्र गोड़ ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बताया कि 5 तारीख की शाम अजय ड्यूटी से निकले थे और 6 तारीख की सुबह बहू रंजीता देवी से उनके लापता होने की जानकारी मिली। आरोप है कि लगातार संपर्क करने के बावजूद पुलिस की ओर से केवल “खोजबीन जारी है” का ही आश्वासन मिलता रहा। रामचंद्र गोड़ का कहना है कि उन्हें शुरू से ही किसी अनहोनी की आशंका थी, लेकिन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

इसको भी पढ़ें : दालमंडी चौड़ीकरण के तहत बड़ी कार्रवाई, 21 भवनों पर चला बुलडोजर; विरोध में दुकानदार ने लगाई आग

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply