बोलता सच,अमेठी : उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे सरकारी दावों के बीच अमेठी से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। जामो थाना क्षेत्र में इंटरमीडिएट की एक छात्रा लगातार छेड़छाड़ और धमकियों से इतनी भयभीत है कि उसने बोर्ड परीक्षा छोड़ने का मन बना लिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सख्त कार्रवाई के बजाय मामूली धाराओं में चालान कर मामले को हल्का कर दिया, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
पुलिस चौकी के पास होती रही छेड़छाड़
मामला जामो थाना क्षेत्र की गोरियाबाद चौकी के शिव दत्त तिवारी का पुरवा गांव का है। आरोप है कि गांव के कुछ युवक छात्रा का लंबे समय से पीछा कर रहे थे और छेड़छाड़ करते थे। घटना कथित तौर पर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई, लेकिन आरोपियों में कानून का भय नहीं दिखा।
छात्रा की बड़ी बहन के अनुसार, 13 फरवरी को वह प्रवेश पत्र लेने गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की और उसका हाथ पकड़कर परेशान किया। घर लौटने के बाद छात्रा ने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद से वह इतनी डरी हुई है कि परीक्षा देने को तैयार नहीं थी। परिवार ने सुरक्षा कारणों से परीक्षा केंद्र बदलकर दूसरी जगह से परीक्षा दिलाने की व्यवस्था की है।
समझौते का दबाव और धमकियां
परिजनों का कहना है कि आरोपियों की ओर से सुलह का दबाव बनाया जा रहा है और धमकियां दी जा रही हैं। छात्रा की बहन ने मांग की है कि आरोपियों को ऐसी सजा मिले जिससे वे दोबारा किसी लड़की के साथ ऐसी हरकत न करें।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
पीड़िता की मां जहरुल निशा की तहरीर पर 18 फरवरी को पुलिस ने गांव के रईस, संदीप और अकलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने दो आरोपियों का शांति भंग में चालान कर दिया, जबकि एक आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक जामो विनोद सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
इसे भी पढ़े : बांदा बाल यौन शोषण मामला: जेई रामभवन और पत्नी को विशेष पॉक्सो कोर्ट से मृत्यु दंड
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































