बोलता सच,मुरादाबाद। जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में परचून दुकानदार अख्तर अली की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अख्तर अली की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि भोजपुर क्षेत्र के गोधी गांव निवासी अफसर अली ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका भाई अख्तर अली (45) गांव में परचून की दुकान चलाता था। 27 जनवरी को वह रामपुर दोराहे से दुकान का सामान लेने गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 28 जनवरी को अख्तर अली की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई गई।
नहर के गड्ढे से मिला शव
शुक्रवार की शाम सिरसवां गौड़ के पास नहर के गड्ढे में भरे पानी से अख्तर अली का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पत्नी और प्रेमी पर शक, साजिश का खुलासा
मृतक के भाई अफसर अली ने पुलिस को बताया कि अख्तर अली की पत्नी के गांव के ही अल्ताफ नामक युवक से अवैध संबंध थे। अख्तर अली इस रिश्ते का विरोध करता था और पत्नी को टोका-टाकी करता था। इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने अपने प्रेमी अल्ताफ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
जांच के दौरान पुलिस को अहम सबूत मिले, जिसके आधार पर पत्नी, उसके प्रेमी अल्ताफ समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों ने किया जुर्म कबूल
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अख्तर अली की हत्या की बात कबूल कर ली है। हत्या में प्रयुक्त साधनों और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी की जा रही है।
इसको भी पढ़ें : पीएमजेवीके के तहत यूपी में अल्पसंख्यकों के विकास को रफ्तार, 364 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































