भाजपा नेता के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी का कार्यालय घटना से जुड़ी पूरी जानकारी और वीडियो फुटेज एकत्र कर रहा है, जिसे जल्द ही गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा। गृह मंत्रालय ने हमले की घटना पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसे तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।
रवि शंकर प्रसाद ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
इस मामले में भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शनिवार को पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर हमला हुआ, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। रवि शंकर प्रसाद ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल ही में ममता बनर्जी आई-पैक कार्यालय गई थीं और दावा किया था कि वह मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि टीएमसी अध्यक्ष के रूप में वहां गई थीं।
भाजपा सांसद ने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री होते हुए किस मजबूरी में वह एक निजी संपत्ति पर गईं और वहां से ग्रीन फाइल लेकर बाहर निकलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान पुलिस आयुक्त और डीजीपी भी मौजूद थे, जिससे साफ है कि पुलिस मुख्यमंत्री के कथित अवैध और असंवैधानिक कार्यों में सहयोग कर रही है। रवि शंकर प्रसाद ने कहा, “ममता बनर्जी, आप क्या छुपा रही हैं? ऐसा क्या था जिसे छुपाने की जरूरत पड़ी?”
क्या है पूरा मामला
दरअसल, शनिवार को शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया था कि पुरुलिया से लौटते समय टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना के बाद उन्होंने चंद्रकोना पुलिस स्टेशन में धरना भी दिया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा था कि जनता के गुस्से और अपनी असहाय स्थिति के कारण टीएमसी इस तरह की गुंडागर्दी पर उतर आई है।
धरने के दौरान अधिकारी ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जब तक पुलिस की जवाबदेही और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगे। साथ ही उन्होंने जनता से कानून-व्यवस्था और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाने की अपील भी की।
2 thoughts on “शुभेंदु अधिकारी के काफिले पर कथित हमले का मामला गरमाया, गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट”