कार्यक्रम के दौरान एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने नेहरू पार्क में आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो नवीनीकृत वाटर एटीएम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि पार्क में साफ और ठंडा पीने का पानी उपलब्ध कराना एनडीएमसी की प्राथमिकताओं में शामिल है। नेहरू पार्क राजधानी के प्रमुख और बड़े पार्कों में से एक है, जहां रोजाना हजारों की संख्या में लोग टहलने, योग और अन्य गतिविधियों के लिए आते हैं।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन ‘विकसित भारत’ का है और उसी विजन के तहत एनडीएमसी लगातार नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी के अधीन आने वाले सभी पार्कों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि लोग स्वच्छ वातावरण में समय बिता सकें। इसी दिशा में पार्कों में वाटर एटीएम लगाए जा रहे हैं, जिससे आगंतुकों को शुद्ध पेयजल आसानी से मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि नेहरू पार्क में सिंथेटिक ट्रैक को और बेहतर किया जा रहा है, ताकि मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग करने वालों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा, एनडीएमसी के अधीन विभिन्न पार्कों में समय-समय पर सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे लोग पार्कों से जुड़ाव महसूस करें।
एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने बताया कि पार्कों में पाथवे और अन्य संरचनाओं की मरम्मत का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। जहां-जहां लोगों की ओर से मरम्मत की मांग की गई है, वहां एनडीएमसी के कर्मचारी तेजी से काम कर रहे हैं। गर्मियों के मौसम में बड़ी संख्या में परिवार और पर्यटक पार्कों में आते हैं और कई बार स्वच्छ व ठंडे पानी की उपलब्धता को लेकर शिकायतें मिलती हैं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए जरूरत के अनुसार नए वाटर एटीएम लगाए जा रहे हैं और खराब पड़े एटीएम की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं का विकास दोनों ही एनडीएमसी की प्राथमिकता हैं और भविष्य में भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।