बोलता सच,कुआलालंपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मलेशिया दौरे पर कुआलालंपुर पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे पर उनका स्वागत मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किया। स्वागत की तस्वीरें प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स (X) हैंडल पर साझा करते हुए आभार जताया।
पीएम मोदी ने लिखा, “मैं कुआलालंपुर पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर मेरे मित्र प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की ओर से किए गए हार्दिक स्वागत के लिए मैं अत्यंत आभारी हूं।”
प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के उद्देश्य का जिक्र करते हुए कहा कि वे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए सार्थक बैठकों और चर्चाओं की उम्मीद कर रहे हैं।
प्रवासी भारतीयों से भी करेंगे संवाद
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर में प्रवासी भारतीय समुदाय के साथ संवाद करेंगे। इसके लिए एक सामुदायिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
एक ही कार में पीएम मोदी और अनवर इब्राहिम
एयरपोर्ट से निकलते समय पीएम मोदी और पीएम अनवर इब्राहिम एक ही कार में नजर आए। इस तस्वीर को साझा करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, “भारत-मलेशिया की जनता के बीच संबंधों का जश्न मनाते हुए! प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम और मैं कुआलालंपुर में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे हैं।”
इस तस्वीर को प्रधानमंत्री की ‘कार डिप्लोमेसी’ की एक और मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।
पहले भी दिख चुकी है कार डिप्लोमेसी
इससे पहले पीएम मोदी कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ एक ही कार में नजर आ चुके हैं। भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज और जॉर्डन के क्राउन प्रिंस अल हुसैन के साथ भी ऐसी तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। इन तस्वीरों को देशों के बीच रिश्तों की गर्मजोशी और व्यक्तिगत विश्वास का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे से भारत और मलेशिया के संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद की जा रही है।
इसको भी पढ़ें : सरयू में डूबे किसान की तलाश के दौरान गोताखोर की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































