बोलता सच ,नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि भारत अब आतंकवादी हमलों पर चुप नहीं बैठता, बल्कि मुंहतोड़ जवाब देता है। उन्होंने कहा कि भारत अब “रुकने के मूड में नहीं है” और दुनिया में चाहे कितनी भी रुकावटें आएं, देश तेज़ रफ्तार से आगे बढ़ता रहेगा। प्रधानमंत्री नई दिल्ली में आयोजित एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2025 को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने भारत की सुरक्षा नीति, आर्थिक प्रगति, डिजिटल बदलाव और वैश्विक भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।
आतंक पर भारत का सख्त रुख
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “भारत अब आतंकवादी हमलों पर चुप नहीं बैठता। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए हमने साबित किया है कि नया भारत हमला झेलने के बजाय जवाब देना जानता है।” उन्होंने कहा कि आज भारत की छवि दुनिया के सामने “रक्षा करने वाले” देश की नहीं, बल्कि “संकल्प से सिद्धि तक पहुंचने वाले” देश की है। “हम अब किसी के दबाव में नहीं झुकते। जो हमें चुनौती देगा, उसे जवाब मिलेगा।”
‘भारत रुकने के मूड में नहीं’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “भारत आज रुकने के मूड में नहीं है। हम न रुकेंगे, न थमेंगे। 140 करोड़ भारतीय पूरी ताकत से आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पहले दुनिया को लगता था कि भारत अपनी समस्याओं में उलझकर आगे नहीं बढ़ पाएगा, लेकिन पिछले 11 वर्षों में देश ने हर चुनौती को अवसर में बदला है। “एक समय भारत कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था, आज यह दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है,” उन्होंने कहा।
‘कमजोर से शीर्ष अर्थव्यवस्था तक’
पीएम मोदी ने कहा कि “आज भारत आत्मनिर्भरता के साथ आत्मविश्वास से भरा हुआ है — चिप्स से लेकर शिप्स तक, हर क्षेत्र में भारत अपनी क्षमता साबित कर रहा है।” उन्होंने बताया कि भारत अब हर संकट को अवसर में बदलने की क्षमता रखता है और वैश्विक स्तर पर अपनी आर्थिक साख मजबूत कर चुका है।
कोविड काल का जिक्र: ‘भारत ने सबको गलत साबित किया’
कोविड महामारी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “जब दुनिया जीवन और मृत्यु के साये में जी रही थी, तब लोगों को लग रहा था कि भारत के कारण दुनिया डूब जाएगी, लेकिन हमने सबको गलत साबित कर दिया। हमने खुद की वैक्सीन विकसित की, रिकॉर्ड समय में टीकाकरण किया और संकट को अवसर में बदला।”
उन्होंने कहा कि यही आत्मविश्वास भारत को “सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था” बनाता है।
‘भारत की गति नहीं रुकेगी’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में युद्ध और आर्थिक अस्थिरता जैसी कई बाधाएं हैं, लेकिन “भारत की गति नहीं रुकेगी।”
उन्होंने कहा, “जब दुनिया युद्ध की सुर्खियों में उलझी थी, तब भी भारत आगे बढ़ता रहा। यह अनस्टॉपेबल इंडिया है।” उन्होंने हर नागरिक से आह्वान किया कि वह इस परिवर्तन की यात्रा का हिस्सा बने और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाए।
बैंकिंग और आर्थिक सुधारों का उल्लेख
पीएम मोदी ने बताया कि उनकी सरकार ने बैंकिंग व्यवस्था को आम लोगों तक पहुंचाया है। “हमने 50 करोड़ से अधिक बैंक खाते मिशन मोड में खोले। आज हर गांव में बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध है। डिजिटल लेन-देन ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा वित्तीय रूप से शामिल देश बना दिया है।” उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “2014 से पहले पेट्रोल-डीजल पर सब्सिडी बचाने के लिए पेट्रोल पंप रात में बंद करने की योजना बनाई जा रही थी। उस दौर में गैस कनेक्शन पाने के लिए सिफारिशी पत्र की जरूरत होती थी, लेकिन हमने सत्ता में आते ही 10 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए।”
डिजिटल स्वास्थ्य सेवा और तकनीकी क्रांति
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘ई-संजीवनी’ ऐप के जरिए अब तक 42 करोड़ लोगों को डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा मिली है। “आज ही एक दिन में 1 लाख से अधिक लोगों ने इसका इस्तेमाल किया। यह सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि संकट के समय तत्काल मदद की गारंटी है।” उन्होंने कहा, “जब सरकार लोगों पर जोर नहीं डालती, तभी लोग अपनी पूरी क्षमता से आगे बढ़ते हैं। जितना ज्यादा लोकतंत्र होगा, विकास उतनी तेजी से होगा।”
वैश्विक निवेश और कर सुधारों पर भरोसा
प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कियर स्टार्मर अपने सबसे बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए। “यह दिखाता है कि वैश्विक निवेशक भारत के भविष्य पर भरोसा करते हैं। भारत अब दुनिया की सप्लाई चेन का केंद्र बन रहा है,” उन्होंने कहा। उन्होंने कहा कि आयकर और जीएसटी सुधारों से ईमानदार करदाताओं को सीधा लाभ हुआ है। “सिर्फ इन कदमों से ही देश के करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है,” प्रधानमंत्री ने बताया।
नक्सलवाद पर भी बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, “नक्सलवाद कोई नया शब्द नहीं, यह माओवादी आतंकवाद है। पहले की सरकारों ने इसे जनता से छिपाने की कोशिश की, लेकिन अब हम इस सोच को खत्म कर रहे हैं। भारत अब विकास और विश्वास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”
इस को भी पढ़ें : अयोध्या में इंसानियत की मिसाल: इकबाल अंसारी ने प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य लाभ के लिए की दुआ
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































