बोलता सच,मेरठ : मेरठ के सरधना विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान और भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतुल प्रधान ने संगीत सोम पर कई गंभीर आरोप लगाए, जिन पर अब संगीत सोम ने भी जवाब दिया है।
अतुल प्रधान ने आरोप लगाया कि संगीत सोम कथित तौर पर मोइन कुरैशी के साथ मिलकर मीट कारोबार से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि खुद को हिंदूवादी नेता बताने वाले संगीत सोम का मीट कारोबार से जुड़ना दोहरे चरित्र को दर्शाता है। सपा विधायक ने दावा किया कि संगीत सोम दो मीट कंपनियों के डायरेक्टर हैं और कुल मिलाकर 12 से 15 कंपनियों में उनका या उनके परिवार के सदस्यों का सीधा जुड़ाव है।
प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि संगीत सोम की मीट फैक्ट्रियों से विदेशों में सप्लाई होती है और उनके शराब कारोबार में भी अनियमितताएं हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र और राज्य सरकार ने संगीत सोम की सुरक्षा पर लगभग 66 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और कथित हमले की सीबीआई जांच की मांग की।
इसके अलावा अतुल प्रधान ने जमीन कब्जाने और गरीबों की संपत्तियों पर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए और सरकार से संगीत सोम की संपत्तियों की जांच कराने की मांग की।
वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए संगीत सोम ने कहा कि अतुल प्रधान को ऐसे आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल का हिसाब जनता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुराने मुद्दों को उछालकर राजनीति करने से कुछ हासिल नहीं होगा। संगीत सोम ने दावा किया कि जनता सच्चाई जानती है और इस तरह के आरोप पहले भी लगाए जाते रहे हैं।
दोनों नेताओं के बीच यह विवाद हाल ही में संगीत सोम के अभिनेता शाहरुख खान को लेकर दिए गए बयान के बाद और गहरा गया है। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अतुल प्रधान ने संगीत सोम को हराया था, तभी से सरधना की राजनीति में दोनों के बीच तनातनी बनी हुई है।
इसको भी पढ़ें : लखनऊ के एरा मेडिकल कॉलेज पर गंभीर लापरवाही का आरोप, महिला के पेट में सर्जिकल सामान छोड़ने का मामला
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































