Breaking News

मकर संक्रांति पर सियासी सौहार्द की पहल, तेज प्रताप यादव ने डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को दिया दही-चूड़ा भोज का न्योता

Bolta Sach News
|
Political harmony on Makar Sankranti

बोलता सच,पटना। मकर संक्रांति के मौके पर राजनीतिक सौहार्द की एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने 14 जनवरी को आयोजित होने वाले दही-चूड़ा भोज के लिए उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को उनके सरकारी आवास पहुंचकर औपचारिक रूप से आमंत्रण पत्र सौंपा।

दो दिन पहले मीडिया के माध्यम से तेज प्रताप यादव ने घोषणा की थी कि मकर संक्रांति 14 जनवरी को गुड़, चूड़ा और दही के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी की ओर से भोज का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, सभी राजनीतिक दलों के नेता और मीडिया प्रतिनिधि आमंत्रित होंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि पूरे बिहार से लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।

विजय सिन्हा के आवास पहुंचे तेज प्रताप

बुधवार को तेज प्रताप यादव सीधे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के आवास पहुंचे और उन्हें 26 एम स्ट्रैंड रोड स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित दही-चूड़ा भोज का न्योता दिया। इस मुलाकात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए बताया कि उन्होंने विजय सिन्हा को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।

बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर लंबी बातचीत भी हुई। इससे पहले तेज प्रताप यादव एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर उन्हें भोज का निमंत्रण दे चुके हैं।

“सियासत अलग, व्यक्तिगत रिश्ते अहम”

मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप यादव ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंध सबसे ऊपर होते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी भावना के साथ वे सभी दलों के नेताओं को आमंत्रण दे रहे हैं।

इससे पहले तेज प्रताप यादव ने पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश को भी उनके सरकारी आवास जाकर दही-चूड़ा भोज का न्योता दिया था और नई जिम्मेदारियों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

लगातार चर्चा में रहते हैं तेज प्रताप

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव आरजेडी से छह साल के लिए निष्कासित हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी पार्टी की ओर से उम्मीदवार उतारे थे, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद वे अपने ब्लॉग, बयानों और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल के दिनों में उन्होंने डेयरी से जुड़े ब्लॉग से लेकर विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बयान देकर चर्चा बटोरी है।


इसको भी पढ़ें : यूपी में सिपाही भर्ती से पीएसी होगी मजबूत, चार साल से खाली पड़े 15 हजार से ज्यादा पद भरे जाएंगे

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply