Breaking News

पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर सियासी घमासान, भाजपा ने बताया भारत-विरोधी; कांग्रेस नेता ने दी सफाई

Bolta Sach News
|
Political reaction to Prithviraj Chavan's statement
बोलता सच,नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए चव्हाण ने सवाल उठाया था कि क्या भारत में भी ऐसा कुछ हो सकता है और क्या अमेरिका भारत के प्रधानमंत्री का अपहरण कर सकता है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ पर प्रतिक्रिया देते हुए पृथ्वीराज चव्हाण ने मंगलवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापार पहले ही प्रभावित है। इसके बाद उन्होंने कहा, “वेनेजुएला में जो कुछ हुआ, क्या वह भारत में होगा? क्या हमारे प्रधानमंत्री को ट्रंप साहब अपहरण कर लेंगे? अब वही बात बची है।” इस टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और इसे बेतुका तथा भारत-विरोधी बयान करार दिया।
चौतरफा आलोचना के बाद पृथ्वीराज चव्हाण ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका आशय किसी को अपमानित करना नहीं था, बल्कि अमेरिका की हालिया कार्रवाइयों पर सवाल उठाना था। चव्हाण ने कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला में जो किया, वह संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ है। एक चुने हुए राष्ट्रपति को किडनैप करना यूएन चार्टर का उल्लंघन है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका ने कोलंबिया के राष्ट्रपति को धमकी दी, ग्रीनलैंड पर कब्जे की बात कही और पनामा नहर पर नियंत्रण की इच्छा जताई। चव्हाण के अनुसार, यदि वैश्विक स्तर पर आम सहमति नहीं बनी तो संयुक्त राष्ट्र व्यवस्था कमजोर हो सकती है और किसी भी देश के साथ कुछ भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री को धमकी दे रहे हैं, तो भारत को भी सतर्क रहना चाहिए।
इस पूरे मामले पर भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार नए स्तर पर गिरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पृथ्वीराज चव्हाण भारत की तुलना वेनेजुएला से कर रहे हैं, जिससे कांग्रेस की भारत-विरोधी मानसिकता उजागर होती है। भंडारी ने यह भी कहा कि राहुल गांधी भारत में अराजकता और विदेशी दखल चाहते हैं।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब पृथ्वीराज चव्हाण अपने बयान को लेकर विवादों में आए हों। पिछले महीने उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। उस समय उन्होंने दावा किया था कि ऑपरेशन के पहले दिन भारत को नुकसान उठाना पड़ा और आधे घंटे की हवाई लड़ाई में भारतीय वायुसेना पूरी तरह जमीन पर रही। उनके इस बयान की भी उस समय कड़ी आलोचना हुई थी।

इसको भी पढ़ें : कासगंज में महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मां और समधी निकले कातिल

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर सियासी घमासान, भाजपा ने बताया भारत-विरोधी; कांग्रेस नेता ने दी सफाई”

Leave a Reply