बोलता सच,पंजाब : पंजाब की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाओं के बीच भाजपा को बड़ा झटका लगा। संगरूर से विधानसभा चुनाव लड़ चुके भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का दामन थाम लिया।
महाशिवरात्रि के अवसर पर शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल स्वयं संगरूर स्थित खन्ना के निवास पहुंचे और उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
अरविंद खन्ना दो बार विधायक रह चुके हैं और समाजसेवी संस्था ‘उम्मीद फाउंडेशन’ के माध्यम से निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी जाने जाते हैं। वे जनवरी 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। वर्तमान में वे प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ पार्टी की कोर समिति और वित्त समिति के सदस्य भी थे।
राजनीतिक करियर की बात करें तो खन्ना पहले कांग्रेस में सक्रिय रहे। उन्होंने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) में महासचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद संभाले। वे संगरूर और धूरी विधानसभा क्षेत्रों से विधायक रह चुके हैं। साल 2004 में उन्होंने कांग्रेस टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन 27,277 मतों के अंतर से अकाली दल के नेता सुखदेव सिंह ढींडसा से पराजित हुए थे। उस चुनाव में उन्हें 2,59,551 वोट मिले थे। खन्ना का शिअद में शामिल होना पंजाब की राजनीति में नए समीकरणों का संकेत माना जा रहा है।
इसको भी पढ़ें : नोएडा मेट्रो विस्तार को केंद्र की मंजूरी, सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक 11.56 किमी एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































