Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर किया, हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन भी किया

Bolta Sach News
|
Prime Minister Modi inaugurated Adampur Airport

बोलता सच,जालंधर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जालंधर स्थित आदमपुर एयरपोर्ट का नाम महान संत श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखने की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में संगत और श्रद्धालु पहुंचे, जिनमें खासा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट के नए नाम का एलान किया, पूरा परिसर ‘जय गुरु रविदास’ और ‘रविदास शक्ति’ के नारों से गूंज उठा।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती और माघ पूर्णिमा का पावन अवसर है। उन्होंने देशवासियों को संत रविदास जयंती की शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह पंजाब की पावन धरती को नमन करते हैं।


“काशी से मेरा रिश्ता गुरु रविदास जी से जुड़ा”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें सांसद के रूप में काशी की सेवा करने का सौभाग्य मिला है, जहां संत गुरु रविदास जी की शिक्षाएं प्रकट हुई थीं। उन्होंने कहा कि उनका रिश्ता गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है और वहां से उन्हें निरंतर आशीर्वाद मिलता रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन समरसता, समानता और सामाजिक न्याय का संदेश देता है और उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम कर रहे हैं।


बजट पर भी बोले प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में पेश किए गए हालिया केंद्रीय बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने कई दवाओं को सस्ता किया है और गरीबों व बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट में भी उसी संवेदनशीलता के साथ निर्णय लिए गए हैं और कैंसर के इलाज को सस्ता करने के लिए कई जीवनरक्षक दवाओं पर राहत दी गई है


धार्मिक आस्था और सामाजिक सम्मान का संगम

इस अवसर पर पंजाब के सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, संत समाज और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। संगत ने गुरु रविदास जी की तस्वीरों और झंडों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, सामाजिक सम्मान और समरसता का माहौल साफ नजर आया।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर किया जाना पंजाब की दलित राजनीति और सामाजिक चेतना के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसे सामाजिक संतुलन और सम्मान की राजनीति के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


डेरा सचखंड बल्लां में विशेष तैयारियां

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सुबह से ही डेरा सचखंड बल्लां परिसर में रौनक रही। दूर-दराज़ से आई संगत प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार करती नजर आई। डेरा प्रबंधन की ओर से परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था। गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़े बैनर-पोस्टर लगाए गए और पूरे माहौल में आध्यात्मिक ऊर्जा दिखाई दी।

संगत ने प्रधानमंत्री की मौजूदगी को केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रद्धा, सामाजिक समरसता और दलित चेतना से जुड़े बड़े संदेश के रूप में देखा।


सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जालंधर नो-फ्लाइंग जोन घोषित

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पंजाब पुलिस और एसपीजी के जवान डेरा सचखंड बल्लां और आसपास के इलाकों में तैनात रहे। डीजीपी गौरव यादव ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा कारणों से 30 जनवरी से 1 फरवरी तक जालंधर को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान ड्रोन, हेलिकॉप्टर और अन्य नागरिक उड़ानों पर प्रतिबंध रहेगा। जालंधर-पठानकोट हाईवे पर भी ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।


हलवारा एयरपोर्ट पर भी आयोजन

लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर भी उद्घाटन को लेकर भव्य तैयारियां की गईं। वाटरप्रूफ टेंट में विशाल मंच सजाया गया है। केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू और मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट से 3:45 बजे हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया।


इसको भी पढ़ें : महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनीं सुनेत्रा पवार, पीएम मोदी ने दी बधाई

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply