Breaking News

मनरेगा का नाम बदलने के प्रस्ताव के खिलाफ देवरिया में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Bolta Sach News
|
Proposal to change the name of MNREGA
बोलता सच,देवरिया : देवरिया में जिला कांग्रेस कमेटी ने महात्मा गांधी नेशनल ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलने के प्रस्ताव के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को मनरेगा का नाम बदलकर ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन’ (वी बी-जी राम जी) किए जाने के प्रस्ताव के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
यह विरोध मार्च सुभाष चौक से शुरू होकर सिविल लाइंस, कलेक्ट्रेट कचहरी और शिव मंदिर होते हुए पुनः सुभाष चौक पर समाप्त हुआ। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि मनरेगा गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण जनता के लिए जीवनरेखा है। इसके नाम में बदलाव करना उनके अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रस्ताव आरएसएस और भाजपा की महात्मा गांधी के प्रति पुरानी दुर्भावना को दर्शाता है। गांधी जी श्रम की गरिमा, सामाजिक न्याय और गरीबों के अधिकारों के प्रतीक हैं, ऐसे में उनके नाम को हटाना जनहितकारी कानून से जनता के भावनात्मक जुड़ाव को तोड़ने का प्रयास है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी ने भाजपा पर गांधी जी की स्मृति को कमजोर करने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह नाथूराम गोडसे के महिमामंडन की सोच का हिस्सा है और किसी योजना से गांधी जी का नाम हटाकर उन्हें देश की चेतना से अलग नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में महात्मा गांधी की तस्वीरें लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मनरेगा से जुड़ा यह फैसला वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष बिस्मिल्लाह लारी, राधवेंद्र सिंह ‘राकेश’, धर्मेंद्र सिंह, मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी, पुरुषोत्तम सिंह, नागेंद्र शुक्ला, अरविंद शाही, वरुण राय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद जिले की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

इसको भी पढ़ें : अमिताभ ठाकुर की पत्नी ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की:देवरिया कोर्ट में 23 दिसंबर को होगी सुनवाई, धोखाधड़ी का आरोप

Join WhatsApp

Join Now

3 thoughts on “मनरेगा का नाम बदलने के प्रस्ताव के खिलाफ देवरिया में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना”

Leave a Reply