Breaking News

एआई समिट में विरोध प्रदर्शन पर सियासत तेज, संसदीय समिति ने की निंदा

Bolta Sach News
|
Protests at the AI ​​Summit

बोलता सच,नई दिल्ली : राजधानी में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा शर्ट उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन का विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मंगलवार को संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने अपनी बैठक में इस घटना की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। समिति के अध्यक्ष निशिकांत दुबे ने 20 फरवरी 2026 को हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी जानकारी दी।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि एआई इम्पैक्ट समिट में हुआ विरोध प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इशारे पर किया गया। भाजपा ने दावा किया कि इस कथित साजिश के पीछे जो भी लोग शामिल हैं, कानून उन तक अवश्य पहुंचेगा।

मंगलवार को भाजपा की यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब दिल्ली की एक अदालत ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उन पर एआई समिट स्थल पर शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने का आरोप है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि कांग्रेस की युवा इकाई ने राहुल गांधी के निर्देश पर यह प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने नाटकीय अंदाज में शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। उन्होंने सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में नारे लिखी टी-शर्ट पहन रखी थीं। बाद में कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में उदय भानु चिब समेत भारतीय युवा कांग्रेस के आठ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर और सियासी घमासान देखने को मिल सकता है।


इसको भी पढ़ें : फतेहपुर में शादी समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर बवाल, मंडप से कोतवाली तक पहुंचा मामला

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply