बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में आम जनता से मुलाकात की। लगातार दूसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने करीब 300 से अधिक लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को समयबद्ध व निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में बैठे लोगों तक मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनीं। सभी प्रार्थना पत्र उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को संदर्भित करते हुए कहा कि किसी भी जनसमस्या का समाधान संतुष्टिपरक और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
आवास के लिए आश्वासन, पीएम आवास योजना से दिलाया जाएगा लाभ
जनता दर्शन में एक महिला ने आवास की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे आश्वस्त करते हुए कहा कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद के सिर पर छत हो।
बीमार मरीजों के इलाज को मिलेगी आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में कई लोग गंभीर बीमारी के इलाज के लिए आर्थिक मदद की मांग लेकर पहुंचे। एक महिला ने अपने पति के उपचार में सहायता की गुहार लगाई तो सीएम योगी ने कहा कि
“पैसे की वजह से किसी का इलाज नहीं रुकेगा। विवेकाधीन कोष से तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।”
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जरूरतमंद मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का इंस्टीमेट शीघ्र तैयार कराकर सरकार को भेजें, ताकि तुरंत धनराशि स्वीकृत की जा सके।
जमीन कब्जे के मामलों पर सख्त निर्देश
जनता दर्शन में कई लोग जमीन कब्जा किए जाने की शिकायत लेकर पहुंचे। इस पर CM योगी ने पुलिस को निर्देशित किया कि
“यदि कोई दबंग किसी की जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।”
एक महिला की भूमि विवाद शिकायत पर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि उसे उसकी जमीन पर कब्जा दिलाया जाए और किसी प्रकार की बाधा न आने दी जाए।
योजनाओं के लाभ में बाधा पर जांच के आदेश
सीएम योगी ने मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को चेताया कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो मामले की गहन जांच करें कि कहीं लापरवाही तो नहीं बरती जा रही। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाने और हर शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में 53.55 लाख की साइबर ठगी का खुलासा: दिल्ली क्राइम ब्रांच की दबिश, दो आरोपी फरार, मकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































