Breaking News

राहुल गांधी का आरोप: ‘जन नायकन’ को रोकने की कोशिश तमिल संस्कृति पर हमला

Bolta Sach News
|
Rahul Gandhi's allegation

बोलता सच,नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अभिनेता विजय की फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि फिल्म को रोकने की कोशिश तमिल संस्कृति पर सीधा हमला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिल लोगों की आवाज को कभी दबा नहीं पाएंगे।

राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया उस समय आई है, जब फिल्म के निर्माता ने मद्रास हाई कोर्ट के एक अंतरिम आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। मद्रास हाई कोर्ट की खंडपीठ ने 9 जनवरी को एकल न्यायाधीश के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) को फिल्म को तत्काल सेंसर सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते विजय की फिल्म का भविष्य फिलहाल अधर में लटक गया है।

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ओर से ‘जन नायकन’ को रोकने की कोशिश तमिल संस्कृति पर हमला है। मिस्टर मोदी, आप तमिल लोगों की आवाज दबाने में कभी सफल नहीं होंगे।”

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला

फिल्म की निर्माता कंपनी केवीएन प्रोडक्शंस एलएलपी ने मद्रास हाई कोर्ट की खंडपीठ के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की है। हाई कोर्ट की खंडपीठ ने CBFC को फिल्म का प्रमाणपत्र तुरंत जारी करने संबंधी एकल पीठ के आदेश पर रोक लगा दी थी।

राजनीति में प्रवेश से पहले विजय की आखिरी फिल्म

गौरतलब है कि अभिनेता विजय ने कुछ महीने पहले अपना राजनीतिक दल तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) गठित किया है। ‘जन नायकन’ को राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले विजय की आखिरी फिल्म के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। फिल्म का प्रदर्शन पोंगल के मौके पर 9 जनवरी को होना था, लेकिन समय पर CBFC सर्टिफिकेट न मिलने के कारण रिलीज टल गई।

फिल्म को लेकर जारी विवाद ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है और आने वाले दिनों में इस पर न्यायिक और सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है।


इसको भी पढ़ें : भदोही में बीएलओ ड्यूटी में लापरवाही: छह शिक्षक निलंबित, शिक्षा विभाग सख्त

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply