बोलता सच,देवरिया। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को सौंपा और मतदाता सूची में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की। पार्टी का आरोप है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के नाम पर राजनीतिक दबाव के जरिए वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर दबाव डालकर फॉर्म-7 भरवाए जा रहे हैं। फॉर्म-7 का उपयोग मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया जाता है और इसका दुरुपयोग कर वास्तविक मतदाताओं को सूची से बाहर करने की कोशिश की जा रही है। व्यास यादव ने कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां जारी रहीं, तो आम जनता का चुनावी प्रक्रिया से भरोसा उठ जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला होती है और इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सीधे तौर पर निष्पक्ष चुनावों को प्रभावित करती है। सपा जिलाध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि एसआईआर अभियान के तहत होने वाली पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम बिना ठोस और कानूनी आधार के नहीं हटाया जाना चाहिए।
सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर आम लोगों को भ्रमित किया जा रहा है और उनसे जबरन या गलत जानकारी देकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इस तरह की कार्यप्रणाली लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इससे चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायतों पर प्रशासन द्वारा शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। सपा प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक आशुतोष उपाध्याय, गजाला लारी, पूर्व एमएलसी जे.पी. जायसवाल, अशोक कुशवाहा, हाफिज शहादत हुसैन अंसारी, मंजूर हसन, हृदयनारायण जायसवाल, बेचूलाल चौधरी, जयराम राजभर, प्रज्ञानन्द चौधरी, परमहंस यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से दोबारा यह मांग दोहराई कि मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































