बोलता सच,नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज करने में जुट गई है। चुनावी रणनीति और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 17 जनवरी को कांग्रेस के शीर्ष नेता प्रदेश के वरिष्ठ पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे। इकोनॉमिक टाइम्स के सूत्रों के मुताबिक, इसके अगले दिन यानी 18 जनवरी को कोलकाता में पश्चिम बंगाल के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है।
सूत्रों के अनुसार, 18 जनवरी को ही राज्य की राजनीतिक कार्रवाई समिति, चुनाव समिति और वरिष्ठ पार्टी पर्यवेक्षकों की अलग-अलग बैठकें भी होंगी। इन बैठकों में उम्मीदवारों के चयन, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक मजबूती पर मंथन किया जाएगा।
गठबंधन को लेकर भी होगा फैसला
17 जनवरी की बैठक में कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा के साथ-साथ यह भी तय किया जाएगा कि पार्टी विधानसभा चुनावों में किन दलों के साथ गठबंधन करेगी। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए सुदीप रॉय बर्मन, शकील अहमद खान और प्रकाश जोशी को वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
खरगे समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस अहम बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, एआईसीसी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल, पश्चिम बंगाल प्रभारी एआईसीसी महासचिव गुलाम अहमद मीर, पश्चिम बंगाल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभंकर सरकार समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
राजनीतिक माहौल गर्म
ये बैठकें ऐसे समय में हो रही हैं, जब पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन को लेकर विवाद जारी है, जिसकी टीएमसी और कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की है। वहीं, कोयला तस्करी मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म आई-पैक के कार्यालय और उसके प्रमुख के आवास पर ईडी की छापेमारी को लेकर टीएमसी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज है।
टीएमसी नेताओं का आरोप है कि पार्टी को रणनीतिक सलाह देने वाली आई-पैक को निशाना बनाकर संवेदनशील आंतरिक दस्तावेजों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। ऐसे राजनीतिक माहौल में कांग्रेस की ये बैठकें आने वाले चुनावों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही हैं।
इसको भी पढ़ें : पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर शिक्षिका बनी महिला पर एफआईआर, जांच में जुटीं पुलिस व एलआईयू की टीमें
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































