कंपनी ने SIL ब्रांड के तहत नूडल्स, केचप और जैम जैसे रोजमर्रा के उत्पाद बेहद किफायती कीमतों पर पेश किए हैं। इन उत्पादों को ग्लोबल क्वालिटी के मानकों पर तैयार करने का दावा किया गया है। माना जा रहा है कि SIL की वापसी से पैकेज्ड फूड बाजार में मैगी और किसान जैसे स्थापित ब्रांड्स को कड़ी प्रतिस्पर्धा मिलेगी।
5 रुपये के नूडल्स, 1 रुपये का केचप
रिलायंस के मुताबिक, SIL नूडल्स की नई रेंज की शुरुआती कीमत सिर्फ 5 रुपये रखी गई है। यह नूडल्स मसाला, आटा विद वेजीज, कोरियन के-फायर और चाउ-चाउ जैसे चार फ्लेवर में उपलब्ध होंगे।
इसके अलावा, असली टमाटरों से बना SIL केचप भी बाजार में उतारा गया है, जिसमें किसी तरह के कृत्रिम रंग या सिंथेटिक सामग्री का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इस केचप की शुरुआती कीमत मात्र 1 रुपये रखी गई है।
कंपनी ने SIL मिक्स्ड फ्रूट जैम भी लॉन्च किया है, जो आठ तरह के फलों से तैयार किया गया है। यह जैम 100 ग्राम, 200 ग्राम और 500 ग्राम के पैक में उपलब्ध होगा, जिसकी शुरुआती कीमत 22 रुपये होगी। कंपनी का दावा है कि इसमें सामान्य जैम की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक फलों का कंटेंट मौजूद है।
कंपनी का बयान
RCPL के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केतन मोदी ने कहा,
“SIL का रीलॉन्च रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की ग्रोथ जर्नी का एक अहम पड़ाव है। पैकेज्ड फूड सेगमेंट में SIL के जरिए हम एक ऐसा मजबूत फूड पोर्टफोलियो बनाना चाहते हैं, जो हर घर तक पहुंचे। SIL विरासत, भारतीयता और इनोवेशन का ऐसा संगम है, जो दुनिया के लिए उच्च गुणवत्ता वाले और वैल्यू-ड्रिवन फूड प्रोडक्ट्स पेश करेगा।”
ग्राहकों को मिलेंगे ज्यादा विकल्प
75 साल की पुरानी पहचान के साथ SIL की यह वापसी उन उपभोक्ताओं के लिए खास मानी जा रही है, जो पारंपरिक स्वाद के साथ आधुनिक क्वालिटी और किफायती दाम चाहते हैं। नए प्रोडक्ट्स के लॉन्च से बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और ग्राहकों को बेहतर कीमत पर ज्यादा विकल्प मिलेंगे। रिलायंस के लिए यह कदम फूड सेक्टर में अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।