Breaking News

रुद्रपुर पुलिस ने हत्या के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद

Bolta Sach News
|
Rudrapur police arrested a murder case wanted
बोलता सच , देवरिया। रुद्रपुर पुलिस ने हत्या के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

घटना 2 अक्टूबर की रात की है, जब मरकरी गांव निवासी बबलू निषाद का गांव के ही रविंद्र सिंह पुत्र जगदीश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर रविंद्र ने बबलू के बेटे आयुष निषाद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे को बचाने पहुंची उसकी मां तेत्री देवी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। इलाज के दौरान तेतरी देवी की मौत हो गई थी।

घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आदर्श चौराहा पर शव रखकर जाम कर दिया था। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। तत्पश्चात पुलिस ने आरोपी रविंद्र सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बुधवार को मुखबिर की सूचना पर नवागत थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार और पुलिस टीम के जवान मनोज सिंह, गोरखनाथ गौड़, राजेश यादव और अंकित राय ने घेराबंदी कर आरोपी को बोहावार मार्ग पर हड़ही पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया गया।

क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 4/25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

एसपी संजीव सुमन ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि देवरिया पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “रुद्रपुर पुलिस ने हत्या के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद”

Leave a Reply