बोलता सच देवरिया | जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। हाईवे व भीड़भाड़ वाले ग्रामीण इलाकों में नई पुलिस चौकियों की स्थापना की जाएगी, जिससे न केवल सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि गश्त और निगरानी भी प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
क्षेत्राधिकारी दीपक शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने चौकी निर्माण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन शुरू कर दिया है। फिलहाल जिन स्थानों को प्राथमिकता दी गई है, उनमें सलेमपुर क्षेत्र के पिवकोल, पुरैना, सोहनाग, खुखुंदू के मुजुरी खुर्द और नूनखार, तथा लार क्षेत्र के सहजौर और पिंडी शामिल हैं। टीम स्थानीय ग्राम प्रधानों और सचिवों से लगातार संवाद कर रही है और राजस्व अभिलेखों व भूमि की स्थिति का भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। पुरैना गांव में खाद गोदाम के पास एक उपयुक्त भूखंड की पहचान की गई है, जिसे चौकी निर्माण के लिए प्रस्तावित किया गया है। ग्राम प्रधान द्वारा इस प्रस्ताव को विभाग को भेज दिया गया है।
अन्य चयनित स्थलों पर भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मदद से भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारी जल्द ही सभी स्थलों की अंतिम रिपोर्ट संबंधित विभाग को सौंपने की बात कह रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि पुलिस चौकियों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था में सुधार, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और अपराधों में कमी आएगी।
ग्राम प्रधान सरिता देवी ने बताया कि ग्राम सभा की खुली बैठक में प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर संबंधित विभाग को सौंप दिया गया है। उन्होंने आशा जताई कि चौकी निर्माण से गांव में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।
ये भी पढ़े : तरकुलवा: अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में नाराज़गी, प्रशासन पर भेदभाव के आरोप
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































