बोलता सच,देवरिया : देवरिया में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को विकास भवन सभागार में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने इस कार्यक्रम का नेतृत्व किया। कार्यशाला का उद्देश्य आमजन को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, पुलिस साइबर सेल के कर्मी और एनआईसी (NIC) के अधिकारी मौजूद रहे। साइबर सेल के अधिकारियों ने इंटरनेट के माध्यम से होने वाले फ्रॉड और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजकल ठग हाईटेक हो गए हैं और बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या सरकारी कर्मचारी बनकर फोन के जरिए लोगों को ठगने का प्रयास करते हैं।
अधिकारियों ने टीवी प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया कि इंटरनेट जहां सुविधाएं प्रदान करता है, वहीं इसमें जोखिम भी हैं। उन्होंने लोगों को किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने या निजी जानकारी साझा करने में अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी। बैंकिंग से संबंधित जानकारी के लिए सीधे अपनी नजदीकी बैंक शाखा से संपर्क करने को कहा गया।
कार्यशाला में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) किसी के साथ साझा न करें। केवाईसी अपडेट के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और लॉटरी, इनाम या मुफ्त उपहार के लालच में न आने की चेतावनी भी दी गई।
इसके अलावा, मजबूत पासवर्ड बनाने, विभिन्न ऐप्स के लिए अलग-अलग पासवर्ड का उपयोग करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी सोच-समझकर साझा करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो घबराना नहीं चाहिए और तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय केवल जागरूकता ही है।
इसको भी पढ़ें : देवरिया में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को पकड़ा, कराई शादी
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































