Breaking News

बलिया से उठेगी समाजवादी जोश की लहर: अखिलेश यादव ने की ‘नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन 2025’ की शुरुआत

Bolta Sach News
|
Samajwadi enthusiasm will rise from Ballia

बोलता सच/लखनऊ/बलिया: समाजवादी आंदोलन की धरती बलिया एक बार फिर नेताजी मुलायम सिंह यादव की याद में जोश और उत्साह से गूंजने वाली है। उनकी स्मृति में आयोजित होने वाली ‘नेताजी मुलायम सिंह यादव हाफ मैराथन 2025’ का आगाज़ भव्य तरीके से किया गया। बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मैराथन की टी-शर्ट और कैप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का आभार जताया।

अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी का सपना था कि हर गांव से खिलाड़ी निकलें और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि यह हाफ मैराथन समाजवादी आंदोलन की नई पीढ़ी को नेताजी के सिद्धांतों और खेल भावना से जोड़ने का माध्यम बनेगी।

यह हाफ मैराथन 25 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन जन संवाद समन्वय–बलिया के तत्वावधान में किया जा रहा है और यह उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन से संबद्ध है। पुरुष वर्ग के लिए 21.1 किलोमीटर की दौड़ यमुना प्रसाद इंटर कॉलेज, नारायनपुर से शुरू होकर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में समाप्त होगी। इसके बाद गंगा बहुद्देशीय सभागार में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

जन संवाद समन्वय बलिया के प्रबंधक धनंजय सिंह विशेन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नेताजी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “खेल न सिर्फ शरीर बल्कि सोच को भी मजबूत बनाता है, और नेताजी चाहते थे कि हर गांव से खिलाड़ी निकलें।” संगठन के सचिव प्रदीप यादव ने कहा कि यह हाफ मैराथन बलिया के युवाओं में नया उत्साह भर रही है। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है ताकि अधिक से अधिक युवा भाग ले सकें।

SIR के मुद्दे पर अखिलेश का सरकार पर निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि देश और प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा, “सरकार SIR इसलिए कर रही है ताकि नौजवान नौकरी की बात न करें। जैसे ही SIR खत्म होगा, पंचायत चुनाव करा दिए जाएंगे ताकि असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके।”
बिहार के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जानबूझकर नैरेटिव और परसेप्शन सेट करने के लिए ऐसी रणनीतियां अपनाती है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply