Breaking News

मॉस्को में रूसी सेना के सीनियर जनरल की कार बम धमाके में मौत, यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों पर शक

Bolta Sach News
|
Senior General of the Russian Army in Moscow
बोलता सच,मॉस्को। रूस के सशस्त्र बलों के ऑपरेशनल ट्रेनिंग विभाग के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की सोमवार सुबह कार बम धमाके में मौत हो गई। मॉस्को में उनकी कार के नीचे लगाए गए विस्फोटक उपकरण में हुए धमाके से मौके पर ही उनकी जान चली गई। रूसी जांच एजेंसियों ने इस हमले के पीछे यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों की भूमिका की आशंका जताई है, हालांकि यूक्रेन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रूस की शीर्ष आपराधिक जांच एजेंसी की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने बताया कि धमाके में रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के ऑपरेशनल ट्रेनिंग डायरेक्टोरेट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि जांचकर्ता इस हत्या को कई एंगल से देख रहे हैं, जिनमें एक संभावना यह भी है कि इस हमले को यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों ने अंजाम दिया हो।

राष्ट्रपति पुतिन को दी गई जानकारी

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को जनरल सरवारोव की हत्या के बारे में सूचित कर दिया गया है। सरवारोव को पुतिन के करीबी सैन्य अधिकारियों में गिना जाता था। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, सरवारोव ने चेचन्या में लड़ाई लड़ी थी और सीरिया में रूस के सैन्य अभियान में भी अहम भूमिका निभाई थी।
यह घटना बीते एक साल में रूस के किसी वरिष्ठ सैन्य अधिकारी की इस तरह से तीसरी हत्या मानी जा रही है। हाल के महीनों में रूसी सैन्य अधिकारियों के वाहनों को लगातार बम धमाकों का निशाना बनाया गया है।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले

इससे पहले इसी तरह के हमलों में रूस के जनरल यारोस्लाव मोस्कालिक, इगोर किरिलोव, सैन्य ब्लॉगर मैक्सिम फोमिन और डारिया डुगिना की मौत हो चुकी है। फरवरी 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद से मॉस्को और अन्य शहरों में रूसी सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं बढ़ी हैं।
इस साल अप्रैल में रूस के जनरल स्टाफ के डिप्टी जनरल यारोस्लाव मोस्कालिक की भी कार बम धमाके में मौत हुई थी। वहीं दिसंबर 2024 में रूसी रेडियोलॉजिकल, केमिकल और बायोलॉजिकल डिफेंस फोर्सेज के प्रमुख इगोर किरिलोव मॉस्को में एक बूबी-ट्रैप्ड इलेक्ट्रिक स्कूटर में हुए धमाके में मारे गए थे, जिसकी जिम्मेदारी यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी SBU ने ली थी।
इसके अलावा अप्रैल 2023 में सेंट पीटर्सबर्ग के एक कैफे में हुए धमाके में रूसी सैन्य ब्लॉगर मैक्सिम फोमिन की मौत हुई थी। अगस्त 2022 में अल्ट्रा-नेशनलिस्ट विचारक अलेक्जेंडर डुगिन की बेटी डारिया डुगिना भी कार बम धमाके में मारी गई थीं।
ताजा घटना ने एक बार फिर रूस की आंतरिक सुरक्षा और यूक्रेन युद्ध के बीच बढ़ते लक्षित हमलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसको भी पढ़ें : महाराष्ट्र लोकल बॉडी चुनाव: महायुति की ऐतिहासिक बढ़त, एकनाथ शिंदे बोले—नगर निगम चुनावों का यह सिर्फ ट्रेलर

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply