Breaking News

यूपी में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा: एक्सप्रेस-वे की स्पीड लिमिट घटाने की तैयारी, कई जिलों में स्कूल बंद

Bolta Sach News
|
Severe cold and dense fog in UP
बोलता सच,उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश इस समय कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे की चपेट में है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट और सुबह-शाम छाए घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सड़कों पर दृश्यता कम होने से हादसों का खतरा बढ़ गया है, वहीं रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
एक्सप्रेस-वे पर स्पीड लिमिट घटाने का प्रस्ताव
कोहरे के कारण बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए यूपीडा (उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण) ने प्रदेश के सभी एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की गति सीमा घटाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार मौजूदा 120 किमी प्रति घंटा की स्पीड लिमिट को घटाकर 80 किमी प्रति घंटा किया जा सकता है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। यूपीडा के अधिकारियों का कहना है कि आमतौर पर 15 फरवरी तक कोहरा बना रहता है, ऐसे में मंजूरी मिलने पर इस अवधि तक स्पीड लिमिट कम की जा सकती है। फिलहाल आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर हादसों की संख्या बढ़ी है।
स्कूलों में छुट्टी और समय में बदलाव
कड़ाके की ठंड को देखते हुए रामपुर जिले में कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों में 20 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया गया है। स्कूल अब 22 दिसंबर को खुलेंगे। वहीं मुरादाबाद और संभल में स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे कर दिया गया है। बरेली जिले में भी कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और लखीमपुर खीरी में स्कूल सुबह 10 बजे से संचालित होंगे।
बरेली में कोहरे का रेड अलर्ट
बरेली बुधवार को प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाहजहांपुर में भी तापमान में 7.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार सुबह से पूरे बरेली मंडल में घना कोहरा छाया रहा, जिससे गलन बढ़ गई और लोग देर सुबह तक घरों में दुबके रहे।
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ठंड और कोहरे को लेकर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता, क्रेन और एंबुलेंस 24 घंटे उपलब्ध रखने तथा टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से कोहरे की चेतावनी देने को कहा है।
इन जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में घने कोहरे का रेड अलर्ट और शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

इसको भी पढ़ें : गीडा में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 530 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply