बोलता सच,मौसम : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र समेत पूरे उत्तर भारत में अब गलन वाली ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया है। कश्मीर और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में नदी-नाले और जलस्रोत तक जम गए हैं। उत्तर से लेकर पूर्वोत्तर और पश्चिम से पूर्वी भारत तक घने कोहरे का असर बना हुआ है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिनों तक ऐसे ही हालात बने रहने और कई इलाकों में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।
उत्तराखंड में जम गए जलस्रोत
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों—गंगोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ और पिथौरागढ़—में कड़ाके की ठंड और पाले के कारण नदियां, नाले और झरने जम गए हैं। तापमान शून्य से 11–12 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया है। केदारनाथ धाम की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढकी हैं। भागीरथी नदी में पानी बेहद कम बह रहा है, जबकि केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला और चीड़बासा नाला पूरी तरह जम चुके हैं। गंगोत्री में पानी की आपूर्ति के लिए पाले को आग में पिघलाकर व्यवस्था की जा रही है।
कश्मीर में शून्य से नीचे तापमान
कश्मीर घाटी में रात का पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में यह माइनस 3.2 डिग्री रहा। शोपियां समेत कई इलाकों में जलस्रोत जमने से पीने के पानी की दिक्कतें बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट संभव है।
यूपी और राजस्थान शीतलहर की चपेट में
उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड और शीतलहर का असर जारी है। प्रयागराज, अयोध्या, लखनऊ और बहराइच में घना कोहरा छाया रहा, जबकि आगरा और कानपुर में दृश्यता शून्य मीटर तक पहुंच गई। कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के कई हिस्सों में भी अगले दिनों में शीतलहर चलने का अनुमान है।
हिमाचल में नाको झील जमी, अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले की नाको झील पूरी तरह जम गई है, जहां पर्यटक झील पर स्केटिंग करते नजर आए। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.3 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में पारा 3.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है।
पंजाब में घना कोहरा, उड़ानें प्रभावित
पंजाब में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे चला गया। अमृतसर में शीत दिवस की स्थिति रही और दृश्यता शून्य दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण अमृतसर हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि कुछ को दूसरे शहरों में डायवर्ट किया गया। अगले दो दिनों के लिए बेहद घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आगे भी राहत के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक उत्तर भारत और उससे सटे मध्य भारत में रात और सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी, बिहार, राजस्थान और झारखंड के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। ठंड और कोहरे के इस दौर से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं।
इसको भी पढ़ें : ममता बनर्जी रखेंगी गंगासागर सेतु की आधारशिला, सागर द्वीप को मिलेगा स्थायी सड़क संपर्क
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































