Breaking News

ईरान में फंसे शामली के कैप्टन विजय कुमार की जल्द भारत वापसी की उम्मीद, बंधकों को मिले मोबाइल

Bolta Sach News
|
Shamli's captain stranded in Iran

बोलता सच,शामली : शामली जिले के गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के भैंसवाल गांव निवासी मर्चेंट नेवी के कैप्टन विजय कुमार और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ईरान में फंसे कैप्टन विजय की जल्द भारत वापसी की उम्मीद एक बार फिर मजबूत हुई है। बताया जा रहा है कि ईरान सरकार ने जहाज पर बंधक बनाए गए सभी लोगों के मोबाइल फोन वापस कर दिए हैं, जिससे अब परिजनों से नियमित संपर्क हो पा रहा है।

कैप्टन विजय कुमार के पिता एवं सेवानिवृत्त शिक्षक चरण सिंह ने बताया कि बेटे से अब रोजाना फोन पर बातचीत हो रही है। विजय ने उन्हें जानकारी दी है कि ईरान सरकार ने जहाज पर मौजूद सभी बंधकों को मोबाइल फोन सौंप दिए हैं। हालांकि, वे अब भी ईरानी नेवी की निगरानी में जहाज पर ही मौजूद हैं।

चार से पांच दिन में रिहाई की संभावना

परिजनों के अनुसार, इस मामले को लेकर भारत और ईरान के बीच उच्च स्तर पर लगातार बातचीत चल रही है। कैप्टन विजय ने फोन पर बताया कि भारत के विदेश मंत्री और ईरान के विदेश मंत्री के बीच इस विषय पर निरंतर संवाद हो रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। विजय का कहना है कि चार से पांच दिनों के भीतर उन्हें जहाज पर मौजूद 16 भारतीय नागरिकों और दो विदेशी नागरिकों के साथ रिहा किया जा सकता है।

डेढ़ माह से जहाज पर बंदी

गौरतलब है कि कैप्टन विजय कुमार करीब चार माह पहले मर्चेंट नेवी में ड्यूटी के लिए विदेश रवाना हुए थे। करीब डेढ़ माह पूर्व उनका जहाज अमेरिका से कच्चा तेल लेकर भारत लौट रहा था, तभी रास्ते में ईरान की नेवी ने जहाज को रोक लिया। इसके बाद विजय कुमार समेत जहाज पर मौजूद कुल 18 लोगों को बंधक बना लिया गया था।


इसको भी पढ़ें : देवरिया में मनाई गई जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि, सपा नेताओं ने ‘छोटे लोहिया’ को दी श्रद्धांजलि

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “ईरान में फंसे शामली के कैप्टन विजय कुमार की जल्द भारत वापसी की उम्मीद, बंधकों को मिले मोबाइल”

Leave a Reply