बोलता सच,कुशीनगर : कुशीनगर के मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एसएनसीयू (SNCU) वार्ड से एक दिन का नवजात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नवजात की मां रीना देवी, निवासी मनिया छापर टोला, बलकुड़िया गांव (थाना नेबुआ नौरंगिया), ने मंगलवार को सामान्य प्रसव के बाद बेटे को जन्म दिया था। जन्म के कुछ समय बाद ही स्टाफ नर्स ने बच्चे को सांस लेने में तकलीफ बताकर एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कर दिया था, लेकिन उसी वार्ड से बच्चा गायब हो गया।
सुबह पति पहुँचा तो नवजात गायब
बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब मां रीना के पति प्रदीप चौधरी बच्चे को देखने एसएनसीयू पहुंचे, तो वहां बच्चा मौजूद नहीं मिला। प्रदीप ने स्टाफ नर्स से जानकारी मांगी तो उसने कहा— “बच्चा इसी में होगा, मिल जाएगा… जाओ दूध लेकर आओ।”
लेकिन जब दोपहर तक भी बच्चे का पता नहीं चला और गार्ड ने वार्ड में प्रवेश से रोक दिया, तो प्रदीप को शक गहराने लगा। आधे घंटे तक इंतजार के बाद गार्ड द्वारा लगातार रोकने से परेशान होकर वह जबरन अंदर घुसा, लेकिन बच्चा वहां भी नहीं था।
बीएचटी और रजिस्टर में बच्चे के भर्ती होने की एंट्री मौजूद थी, लेकिन बच्चे का कोई अता-पता नहीं मिला। इसके बाद प्रदीप ने स्टाफ नर्स पर बच्चे को गायब करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने प्राचार्य से शिकायत की और पुलिस को भी सूचना दी।
एएसपी और सीओ मौके पर, स्टाफ से गहन पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और सीओ पडरौना मेडिकल कॉलेज पहुंचे और एसएनसीयू वार्ड में तैनात स्टाफ नर्सों एवं कर्मचारियों से पूछताछ की।
स्टाफ नर्सों ने “बच्चा बदल जाने” की आशंका जताई, लेकिन पुलिस जांच में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला। वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास, रिकॉर्ड, उपस्थित स्टाफ और सीसीटीवी की स्थिति आदि की भी प्रारंभिक समीक्षा की गई।
नौ लोगों पर केस दर्ज
नवजात के पिता प्रदीप की तहरीर पर बुधवार देर रात पुलिस ने लापरवाही और लापता होने की घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए मेडिकल कॉलेज के कई अधिकारियों और कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। जिन पर केस दर्ज हुआ है, उनमें शामिल हैं—
-
डॉ. आर.के. शाही, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
-
डॉ. दिलीप कुमार, सीएमएस
-
डॉ. रितेश सिंह, ड्यूटी प्रभारी
-
नर्सें: इंदू सिंह, स्नेहा मौर्य, जूली, उर्मिला, अनारकली
-
गार्ड: धर्मेंद्र सिंह
एसपी केशव कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से भी तीन सदस्यीय आंतरिक जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे मामले की अलग से छानबीन कर रही है।
लापरवाही की पुष्टि, CCTV फुटेज खंगालने के निर्देश
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मेडिकल कॉलेज प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। एएसपी ने सीओ पडरौना को पूरे प्रकरण की गहन जांच के निर्देश दिए हैं।
जांच टीम अब—
-
एसएनसीयू वार्ड के सीसीटीवी फुटेज
-
बच्चे के भर्ती होने से लेकर गायब होने तक की टाइमलाइन
-
स्टाफ की ड्यूटी शीट
-
प्रवेश-निकास रजिस्टर
-
गार्ड की तैनाती और गतिविधियों
का मिलान कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि लापरवाही कहां और किस स्तर पर हुई।
अस्पताल प्रशासन भी दबाव में
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.के. शाही ने बताया कि प्रशासनिक स्तर पर जांच टीम गठित कर दी गई है। सभी संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और सीसीटीवी फुटेज निकलवाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि “नवजात के गायब होने जैसी गंभीर घटना अस्वीकार्य है। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
इसको भी पढ़ें : देवरिया: विदाई से ठीक पहले दुल्हन फरार, हड़कंप; दूल्हा पक्ष ने पुलिस से लगाई गुहार
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































